भिवानी में 18वें हरियाणा कप कराटे टूर्नामेंट का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता में हरियाणा के 23 जिलों से 400 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम दिखा रहे हैं। इस बार प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण पहली बार हरियाणा कराटे केसरी और हरियाणा बाल केसरी के खिताब का चयन रहेगा। इसके लिए विजेताओं को पीतल की गदा और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया जाएगा। एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी प्रवीण गहलोत ने बताया कि यह एसोसिएशन की 18वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता है। इसमें प्रदेशभर से 400 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहली बार कुश्ती की तर्ज पर कराटे में भी हरियाणा केसरी और बाल केसरी का चयन किया जाएगा। वहीं एसोसिएशन के प्रधान भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में लड़कियों की भागीदारी सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि कराटे आत्मरक्षा के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। इससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं और बच्चे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों के ठहरने और खाने-पीने की बेहतर व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।