छावनी में ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में बुधवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ अग्रवाल धर्मशाला से हुआ। इसके बाद रेलवे रोड, सदर बाजार, सब्जी मंडी, पुल चमेली, केसरा बाजार, कबाड़ी बाजार, राजकीय कॉलेज होते हुए वापस अग्रवाल धर्मशाला पर संपन्न हुई। विभिन्न बाजारों में तिरंगा यात्रा का फूलों से स्वागत किया गया। इस दौरान महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी हाथों में तिरंगा थामे भारत माता की जय के नारे लगाते दिखाई दिए। यात्रा की शुुरुआत से पहले मंत्री विज ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश भक्ति की भावना जब लोगों में पूरी तरह से हुंकार लेने लगे तो बड़े-बड़े देश के दुश्मन डरकर भाग जाते हैं। देश आजादी की वर्षगांठ मनाने जा रहा है और हमारी पार्टी ने सारे देश को तिरंगामय करने के लिए हर शहर व प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकालने का कार्यक्रम तय किया है। इसी क्रम में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।