अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेन ब्रांच स्कूल में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया। डीएसपी क्राइम विरेंद्र शर्मा ने छात्रों को कानून का पाठ पढ़ाया। बताया कि छात्रों को खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए। कोई छेड़छाड़, मारपीट व धमकाता है तो उसकी सूचना पहले स्कूल प्रिंसिपल या शिक्षक और फिर पुलिस में देनी चाहिए। पुलिस हमेशा बच्चों की मदद के लिए तैयार रहती है। जब तक अपनी समस्या को किसी के सामने नहीं रखोगे तो उसका समाधान कैसे होगा। वहीं छात्रों ने भी कई सवालों के जवाब पाकर अपनी जिज्ञासा को शांत किया। पुलिस की पाठशाला में स्कूल के नोवीं, ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा के 60 छात्र व छात्राओं ने हिस्सा लिया। डीएसपी ने छात्रों को ट्रैफिक नियमों के बारे में बताने के साथ-साथ नशे से दूर रहने व साइबर अपराधियों से सावधान रहने बारे बताया। इस मौके पर स्कूल की कार्यवाहक प्रिंसिपल परमिंद्र कौर, शिक्षक व मंच संचालक भरत भूषण, राजेंद्र कुमार, अजय धीमान, अंजू खेड़ा व डॉक्टर जोगिंद्र शामिल रहे।