साहा। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा सोमवार को अंबाला के साहा स्थित सरकारी स्कूल में औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में शिक्षा मंत्री ने जब स्कूल के वाटर कूलर का जायजा लिया, तो वहां पानी के बहने की उचित निकासी व्यवस्था नहीं थी। पानी नीचे बिखर कर बर्बादी और गंदगी का कारण बन रहा था। मंत्री ढांडा ने स्वयं वाटर कूलर पर जाकर पानी पीकर देखा और व्यवस्था की जांच की। इसके बाद शिक्षा मंत्री स्कूल के शौचालयों का निरीक्षण करने पहुंचे। शौचालय परिसर के पास पहुंचते ही भीषण बदबू आ रही थी। मंत्री ढांडा ने अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि आप खुद यहां खड़े हैं, आपको बदबू महसूस नहीं हो रही? जब हम यहां खड़े नहीं हो सकते, तो बच्चे कैसे पढ़ाई करते होंगे? उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त नाराजगी जताई और तुरंत प्रभाव से सफाई और मरम्मत कार्य पूरा करने को कहा। ---------- तत्काल हो सफाई अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि महज दो ईंटें लगाकर और छोटे काम से यहां छोटी नाली बनाकर पानी को सही दिशा में मोड़ा जा सकता है, लेकिन इतनी छोटी बात पर भी ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने निर्देश दिया कि नाली की सफाई और पक्की व्यवस्था तुरंत की जाए, ताकि पानी की बर्बादी रुके और वहां गंदगी न फैले। --------------