अंबाला। त्योहारों के सीजन में नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सोमवार को राय मार्केट में हंगामा हो गया। सुबह 10 बजे गोल चक्कर पहुंची टीम की कार्रवाई का दुकानदारों ने विरोध किया। अंबाला मोबाइल एसोसिएशन के जतिन दुआ सहित दुकानदारों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका सामान पीली पट्टी के अंदर है, फिर भी राम बाजार व बजाजा बाजार छोड़ सिर्फ उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। बढ़ते विवाद के बीच पुलिस ने स्थिति संभाली। इसके बाद दुकानदार कैबिनेट मंत्री अनिल विज के पास पहुंचे। विज ने अधिकारियों को फोन कर पीली पट्टी के अंदर सामान रखने की अनुमति देने के निर्देश दिए। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद दुकानदारों ने भी पीली पट्टी से बाहर सामान न रखने का आश्वासन दिया। नगर परिषद के सीएसआई सुनील दत्त ने कहा कि आपात स्थिति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है।