बेजुबान पशुओं के खिलाफ क्रूरता बरतने वाले तस्करों के खिलाफ साहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोककर तलाशी ली, तो उसमें बेरहमी से क्षमता से अधिक भैंसें लदी पाई गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी को जब्त कर लिया है और पशुओं को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। साहा पुलिस की टीम इलाके में गश्त और चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। तलाशी लेने पर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। गाड़ी के भीतर तिनका भर भी जगह नहीं छोड़ी गई थी। तस्करों ने पैसों के लालच में बेजुबान पशुओं को इतनी बुरी तरह ठूंस रखा था कि उनका दम घुट रहा था। पुलिस ने तुरंत सभी भैंसों को गाड़ी से बाहर निकलवाया और उनके लिए चारे-पानी का प्रबंध किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी तफ्तीश शुरू कर दी गई है।