गोरखपुर बस्ती मंडल की अभी तक की खास खबरें महराजगंज से इस वक्त की पहली और बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। नौतनवा-गोरखपुर रेलखंड पर सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 22 साल की युवती की मौत हो गई। हादसा नौतनवा और लक्ष्मीपुर के बीच रेलवे गेट संख्या 36 सी और 37 सी के बीच हुआ। मृतका की पहचान नौतनवा थाना क्षेत्र के कौलही गांव के टोला राजधानी निवासी प्रेमशीला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, प्रेमशीला सोमवार सुबह घर से घास काटने के लिए निकली थी। उसके हाथ में हंसिया और बोरा था। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक के किनारे पहुंचने के बाद वह मोबाइल फोन देखने में व्यस्त हो गई। इसी दौरान नौतनवा से गोरखपुर की तरफ जा रही इलेक्ट्रिक ट्रेन वहां से गुजरी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, मोबाइल देखने में व्यस्त होने के कारण युवती ट्रेन की आवाज नहीं सुन सकी और ट्रेन के इंजन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने लोगों से रेलवे ट्रैक से दूर रहने और ट्रैक के आसपास मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सिद्धार्थनगर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, रामशंकर की हत्या में छह गिरफ्तार अब खबर सिद्धार्थनगर से है, जहां जमीन के विवाद ने एक परिवार में मातम ला दिया। शहर के जगदीशपुर खुर्द ऑफिसर्स कॉलोनी में रामशंकर रस्तोगी की गोली मारकर हत्या के मामले में सदर पुलिस ने सोमवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इन सभी को बीएसए ग्राउंड के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में जयप्रकाश धर दुबे उर्फ अकुल दुबे, रितिक पांडेय, वंश गोपाल धर दुबे, इंद्रासनी दुबे, मानसी दुबे और कविता दुबे शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 12 बोर की बंदूक और दो लकड़ी के डंडे भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ के बाद सभी छह आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि दोनों पक्षों के मकान सड़क के अगल-बगल हैं और काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। --- गोरखपुर में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप, रेलकर्मी गिरफ्तार अब बात गोरखपुर की, जहां महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने एक रेलकर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभय कुमार तिवारी के रूप में हुई है, जो तरकुलवा थाना क्षेत्र के रामपुर शुक्ल गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। मामले की जांच के दौरान आरोपी रेलकर्मी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब हत्या की पूरी वजह, घटना के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी के महिला से संबंधों को लेकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। नेपाल से चरस की बड़ी खेप लेकर आ रहे दो तस्कर गिरफ्तार और अब आखिरी खबर नशे के कारोबार से जुड़ी है। गोरखपुर में पुलिस ने नेपाल से लाई जा रही चरस की बड़ी खेप पकड़ी है। संयुक्त कार्रवाई में 13 किलो 85 ग्राम चरस के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एएनटीएफ, एंटी थेफ्ट सेल और चौरीचौरा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया के रहने वाले रंजीत विश्वकर्मा और किशन मद्धेशिया के रूप में हुई है। है। दोनों बाइक से से देवरिया की तरफ से गोरखपुर आ रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 13 किलो 85 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बरामद चरस की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई है। इसके अलावा बाइक, मोबाइल मोबाइ फोन और नकदी भी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने नेपाल से चरस लाकर देवरिया और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की बात बताई है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि चरस की इतनी बड़ी खेप नेपाल से किसके जरिए लाई गई और इसे गोरखपुर तथा आसपास के किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।