इन दिनों दक्षिणी दिल्ली समेत नोएडा व आसपास के शहरों के कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। ऐसे में उनकी व्यवस्था में लगाए गए शिविरों में बेहतर व्यवस्थाएं हैं। साथ ही उन शिविरों में आने वाले कांवड़ियों की झांकियां लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। नोएडा के सेक्टर-44 स्थित शिविर में कांवड़िये सोमवार को केदारनाथ मंदिर के स्वरूप में तैयार कांवड़ लेकर पहुंचे, जो 17 जुलाई को हरिद्वार से जलभरकर फरीदाबाद के गोठडा मौहब्बताबाद गांव के लिए निकले हैं। अगले दो दिन बाद वह फरीदाबाद पहुंच जाएंगे। इस कांवड़ की खासियत बताते हुए नरेश कुमार ने बताया कि इस कांवड़ में तैयार केदारनाथ का मंदिर मोटे दाने वाले थर्माकोल से तैयार किया गया है। इस मंदिर के अंदर शिवलिंग भी रखी गई है जो थर्माकोल से ही बनाई गई है। कांवड़ियों के अनुसार जहां जहां से यह कांवड़ निकाली गई, वहां वहां लोगों ने इसे खूब सराहा। जहां गाजियाबाद, मोदीनगर और नोएडा में भी इसे खूब पसंद किया गया। कांवड़िये मनोज ने बताया कि केदारनाथ मंदिर तैयार करने से लेकर उसे हरिद्वार से फरीदाबाद लागने में लगभग तीन लाख का खर्चा आया है। इसी तरह शिव पार्वती और गणेश की स्थापित मूर्तियों के साथ अन्य सुंदर झांकियां भी देखने को मिली। जिनके साथ में कांवड़िये झूमते नाचते और गाते हुए नजर आए।