नोएडा। छात्राओं की मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर अब निजी स्कूलों में व्यवस्थाओं की पड़ताल की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन को लेकर स्कूलों में टॉयलेट, पानी, साबुन, सैनिटरी पैड, सैनिटरी वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण समेत जरूरी सुविधाओं की जांच की जाएगी। इसके लिए निर्धारित बिंदुओं के आधार पर स्कूलों की व्यवस्था परखी जाएगी। डीसी बालिका शिक्षा विनय प्रकाश ने बताया कि सरकारी विद्यायलयों का निरिक्षण जारी है और अब निजी विद्यालयों का भी निरीक्षण शुरू कराया जाएगा। कमी मिलने पर संबंधित स्कूल को नोटिस जारी करने और अनुपालन सुनिश्चित कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।