नोएडा सेक्टर-143 स्थित गुलशन इकेबाना सोसाइटी में शुक्रवार सुबह से ही कृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोसाइटी परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। शाम को भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, दही हांडी कार्यक्रम भी उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा, जिसमें बच्चे और निवासी उत्साह के साथ हिस्सा लेंगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी। इसके बाद प्रसाद वितरण होगा। जन्मोत्सव को लेकर सोसाइटी के बच्चों और निवासियों में खासा उत्साह है। आयोजन स्थल पर कृष्ण की झांकी भी सजाई गई है। सोसाइटी प्रबंधन और निवासियों की ओर से कार्यक्रम को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी लोग परिवार के साथ मिलकर श्रद्धा और उत्साह से जन्माष्टमी मना सकें।