नोएडा के सेक्टर-94 स्थित कालिंदी कुंज के पास यमुना घाट पर रविवार को छठ महापर्व के तीसरे दिन बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने पानी में उतरकर डूबते सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली की कामना की। इस दौरान यमुना में जहरीले सफेद झाग की मोटी परत दिखाई दी। शनिवार को झाग कम करने के लिए केमिकल का छिड़काव किया गया था, जिससे कुछ कमी तो आई, लेकिन झाग पूरी तरह खत्म नहीं हुए। इसके बावजूद व्रतियों ने इसी पानी में उतरकर पूजा की। एक ओर महिलाओं की अटूट आस्था देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर यमुना में प्रदूषण की समस्या भी उजागर हुई।