नोएडा में प्रदूषण का स्तर खराब स्थिति में बना हुआ है। पिछले 19 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो सात दिन वायु गुणवत्ता सूचकांक नारंगी श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि 10 दिन पीली श्रेणी में रहा। केवल दो दिन हवा की गुणवत्ता हरी श्रेणी में दर्ज की गई। सोमवार को भी वायु गुणवत्ता सूचकांक पीली श्रेणी में रहा। प्रदूषण और धुंध के कारण दूर स्थित इमारतें साफ दिखाई नहीं दे रही हैं। हालांकि, सुबह से ही धूप निकलने के कारण मौसम साफ नजर आया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दशहरा से पहले प्रदूषण का स्तर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में सुधार होगा या प्रदूषण का स्तर बढ़ेगा, इस पर सभी की नजर रहेगी।