अब 15 हजार रुपये से अधिक और 25 हजार रुपये तक वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अनिवार्य कवरेज में शामिल किया जाएगा। ईपीएफओ की वेतन सीमा बढ़ने से नोएडा में करीब 51 हजार पीएफ खाताधारकों को इसका लाभ मिलेगा वहीं ग्रेटर नोएडा के 25 हजार खाताधारकों इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। नई व्यवस्था के तहत 15 हजार से अधिक और 25 हजार रुपये तक वेतन पाने वाले पात्र कर्मचारियों को पीएफ में शामिल करना अनिवार्य होगा। नई सीमा 17 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। इस फैसले से ऐसे कर्मचारियों के लिए भविष्य निधि, पेंशन और बीमा सुरक्षा का दायरा बढ़ेगा, जो अब तक 15 हजार रुपये की सीमा से अधिक वेतन होने के कारण अनिवार्य ईपीएफओ कवरेज में स्वयं शामिल नहीं होते थे। इससे पहले ईपीएफओ की वेतन सीमा सितंबर 2014 में बढ़ाकर 15 हजार रुपये की गई थी।