गुरुग्राम नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 24 दिन से जारी है। इसके चलते मिलेनियम सिटी में जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं, जिससे आम लोग बेहाल हैं। बारिश के मौसम में जमा इस कचरे से अब शहर में महामारी फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। साइबर सिटी गुरुग्राम की मुख्य सड़कों से लेकर रिहायशी इलाकों तक कचरे का अंबार लगा हुआ है। हड़ताल के कारण घर-घर से कचरा उठाने का काम पूरी तरह ठप हो गया है। प्रदेश सरकार और नगर निगम कर्मचारी संघ के बीच चल रहे विवाद का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। प्रशासन इस गंभीर स्थिति पर अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा, "सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं।" उन्होंने आगे कहा, "इसका असर न पड़े इसके लिए व्यवस्था की गई है।" प्रीतपाल ने बताया, "जहां भी कूड़े का ढेर हो, सूचना मिलने के बाद उसे तुरंत साफ करवाया जाता है।"