गुरुग्राम में मच्छर जनित बीमारियों के मामले लगातार आ रहे हैं। इसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू-मलेरिया से निपटने के लिए निगरानी तेज कर दी गई। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के तीन मरीजों की पुष्टि की है, उसके बाद जिले में कुल 40 डेंगू के मरीज हो गए हैं। रविवार को 219 लोगों के सैंपल की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार इस वर्ष अब तक मलेरिया के जिले में कुल पांच मरीज सामने आ चुके हैं। बारिश के चलते मच्छर जनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। जिले में अब तक डेंगू नियंत्रण के लिए 10,74,643 घरों में रैपिड फीवर मास सर्वे किया जा चुका है। वहीं रविवार को 1321 घरों में विभिन्न टीमों ने दौरा किया। इस दौरान टीम ने अब तक 1719 घरों को नोटिस थमाया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर के आसपास के जगहों पर पानी जमा न होने दें।