गुरुग्राम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों तथा चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कांग्रेस के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और पूर्व सांसद राज बब्बर शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमान सराय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से सदर बाजार तक मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव और शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने किया। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। चुनावी प्रक्रिया और आयोग के कुछ निर्णयों को लेकर सामने आए सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया या मतदाता सूची में किसी भी कथित अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, पंकज भारद्वाज, सीमा पहुजा, सीमा हुड्डा, राकेश यादव, मुकेश पवन चौधरी, सतपाल शर्मा, हरकेश प्रधान, मनदीप राठी, सूबे सिंह यादव, कुलराज कटारिया और धर्मेंद्र मिश्रा मौजूद रहे।