नगर निगम की ओर से 15वें वित्त के तहत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों का आरोप है कि निगम की ओर से पैचवर्क और सड़क मरम्मत के कार्य तो कराए लेकिन लगाए गए माल की गुणवत्ता इतनी खराब है कि हाल ही में बनाई गई सड़क दो दिन भी नहीं चल पाई है। लोगों का दावा है कि मात्र दो से तीन बाइकों के तेज रफ्तार से गुजरने पर ही सड़क की असली स्थिति सामने आ गई है। वहीं निगम की ओर से कराए जा रहे इस को लेकर इंदिरापुरम व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमबीर यादव के नेतृत्व में व्यापारियों ने क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी भी जाहिर की है। अध्यक्ष ओमबीर यादव ने बताया कि सड़कों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को कई बार शिकायत के लिए फोन किया गया, लेकिन अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और गुणवत्ता सुधार का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।इस दौरान व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी किशोर ठाकुर, विजेन्द्र कुमार, जितेन्द्र शर्मा, मंजीत सिंह सहित अन्य कई व्यापारी मौजूद रहे। वहीं मामले पर जानकारी देते हुए मुख्य अभियंता निर्माण विभाग एनके चौधरी ने बताया कि मामले को संज्ञान में ले लिया गया है, जल्द ही जांच के आदेश देकर खराब माल लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।