दिल्ली-मथुरा रोड पर हनुमान मंदिर के सामने दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर मोटरसाइकिल और मछलियों से भरे टेंपो की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद टेंपो सड़क पर पलट गया और ड्रमों में रखी सैकड़ों मछलियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे में मोटरसाइकिल सवार और टेंपो चालक को मामूली चोटें आईं। सड़क पर मछलियां बिखरने से मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। टेंपो चालक को मछलियां समेटने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए और मछलियों को उठाकर दोबारा ड्रमों में भरने लगे। टेंपो पलटने और मछलियां सड़क पर फैलने से कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में लोगों की मदद से मछलियों को समेटा गया और रास्ता सुचारू हुआ। हादसे का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।