फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजनांदगांव में 90 साल पुरानी गणेश झांकी की धूम: 33 झांकियों ने मोहा मन, रातभर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Sun, 27 Sep 2026 02:46 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, राजनंदगांव

हॉकी के साथ अपनी पारंपरिक गणेश विसर्जन झांकी के लिए पहचान रखने वाले राजनांदगांव में इस बार भी भव्य आयोजन हुआ। 90 साल से अधिक पुरानी गणेश विसर्जन झांकी की परंपरा के तहत 26 सितंबर की रात से शुरू हुआ झांकियों का सिलसिला अगले दिन सुबह तक जारी रहा। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली करीब 33 झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। गणेश विसर्जन झांकी देखने के लिए राजनांदगांव शहर के अलावा आसपास के जिलों और अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देर रात तक शहर के प्रमुख इलाकों में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ बनी रही।

अलग-अलग थीम ने खींचा लोगों का ध्यान
इस बार झांकियों में धार्मिक, पौराणिक और सांस्कृतिक विषयों को अलग-अलग रूपों में प्रस्तुत किया गया। इनमें हिरण्यकश्यप वध, रामसेतु निर्माण, कांटारा के पंजुरली देव, भगवान शिव समेत अन्य देवी-देवताओं और कथाओं पर आधारित झांकियां शामिल रहीं। रंग-बिरंगी सजावट, रोशनी और आकर्षक प्रस्तुति के साथ निकली झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। डीजे की धुनों पर युवा और श्रद्धालु उत्साह के साथ झूमते नजर आए।

मानव मंदिर चौक से गंज लाइन तक देर रात तक उत्सव
झांकी का सिलसिला मानव मंदिर चौक, भारत माता चौक, गंज लाइन समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरा। रातभर शहर में गणेश उत्सव का माहौल बना रहा। राजनांदगांव की गणेश विसर्जन झांकी की यह परंपरा कई दशकों से चली आ रही है और हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचते हैं। इस बार भी आयोजन में लोगों का खासा उत्साह देखने को मिला।

800 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे तैनात
भव्य आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस विभाग की ओर से 800 से अधिक अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती किए जाने की जानकारी दी गई। शहर के विभिन्न मार्गों पर पुलिस बल मौजूद रहा और झांकियों के पूरे रूट में सुरक्षा व्यवस्था संभाली गई। पुलिस और प्रशासन की निगरानी के बीच झांकियों का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ा। देर रात से सुबह तक चले इस आयोजन में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और गणेश प्रतिमाओं को विदाई दी।
  करीब 33 भव्य गणेश झांकियां निकलीं   करीब 33 भव्य गणेश झांकियां निकलीं  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें