फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजी: एसईसील अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में निकला 6 फीट लंबा सांप,मची अफरा-तफरी; रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा

Tue, 10 Nov 2026 05:47 PM IST
कोरबा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोरबा

कोरबा जिले के बलगी स्थित एसईसीएल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां कुंडली मारकर बैठा 6 फीट लंबा धमना सांप दिखाई दिया। अचानक विशाल सांप पर नजर पड़ते ही अस्पताल स्टाफ और भर्ती मरीजों के परिजनों में हड़कंप मच गया। लोग डर के मारे वार्ड से बाहर भागने लगे।

मामले की जानकारी तत्काल आशीष सिंह ने वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को दी। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी ने बिना समय गंवाए अपनी टीम के सक्रिय सदस्य बॉबी श्रीवास और संदीप मानिकपुरी को मौके पर भेजा।

टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बड़ी सूझबूझ व सावधानी के साथ इमरजेंसी वार्ड में बैठे लगभग 6 फीट लंबे धमना सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सांप को पकड़ा गया और फिर उसे उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेस्क्यू टीम की इस तत्परता के बाद अस्पताल स्टाफ और मरीजों ने राहत की सांस ली।

वहीं इसी दौरान बलगी क्षेत्र में एक और सांप निकलने की सूचना मिली। आशीष सिंह के घर में भी सांप घुस गया था। टीम ने तुरंत वहां पहुंचकर लगभग 5 फीट लंबे एक अन्य धमना सांप का भी सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे भी प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया। एक ही दिन में दो जगह से दो सांपों का रेस्क्यू कर टीम ने बड़ी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि धमना सांप सामान्यतः विषहीन होता है। यह सांप चूहों जैसे जीवों को खाकर पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए इसे देखकर घबराने या मारने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने अपील करते हुए कहा कि घर, अस्पताल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास बिल्कुल न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें। वन्यजीवों की सुरक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें