सरकार ने आधार के लिए जारी किया QR कोड, बिना नंबर बताए होंगे काम, ऐसे करें डाउनलोड

Aadhaar कार्ड की प्राइवेसी को लेकर यूआईडीएआई ने बुधवार को नया क्यूआर कोड जारी किया है। इस क्यूआर कोड में यूजर्स का नाम, पता, फोटो, जन्म की तारीख समेत कई जानकारियां होंगी। ऐसे में 12 अंकों का आधार नंबर बिना किसी को बताए क्यूआर कोड से तमाम तरह के काम हो सकेंंगे। क्यूआर कोड के आने के कारण आधार डाटा के साथ छेड़छाड़ संभव नहीं होगी। अब सवाल यह है कि आखिर यह क्यूआर कोड मिलेगा कैसे?
क्यूआर कोड वाला आधार कैसे डाउनलोड करें?

सबसे पहले आपको बता दें कि अगर आपका आधार कार्ड बन गया है तो आप यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट या इसके मोबाइल ऐप से क्यूआर कोड के साथ आधार डाउनलोड कर सकते हैं और इसके बाद उसे प्रिंट करके अपने आधार नंबर को मिटा दें और कहीं भी वेरिफिकेशन के लिए क्यूआर कोड का आप इस्तेमाल कर सकते हैं।
अगर आप आधार का क्यूआर कोड डाउनलोड करना चाहते हैं तो आधार की वेबसाइट पर जाएं और फिर Aadhaar Online Services में जाकर ई-आधार क्लिक करें। अब अपना आधार नंबर, नाम डालें। अब आपके मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा उसे एंटर करके आधार डाउनलोड कर लें। पासवर्ड के लिए अपने नाम के पहले 4 अक्षर और जन्म का साल डालें। उदाहरण के लिए आपका नाम रमेश है और जन्म का साल 1990 है तो आपका पासवर्ड RAME1990 होगा।