Tech: Apple, Google नहीं, इस कंपनी में जॉब पाने के लिए टेक प्रोफेशनल्स की होड़!
टेक प्रोफेशनल्स जॉब करने के लिहाज से किन कंपनियों को सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं? भारत में वर्क-लाइफ बैलेंस और कंपनी कल्चर के लिहाज से कौन सी कंपनियां रैंकिंग में सबसे आगे है? रिपोर्ट में जानिए।

विस्तार
भारत में टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है। हर साल सैकड़ों नई कंपनियां उभरती हैं, लेकिन एक सवाल अब भी सबसे बड़ा बना हुआ है कि काम करने के लिहाज से कौन-सी कंपनियां बेहतर है। क्या सिर्फ मोटी सैलरी होना काफी है या फिर बढ़िया वर्क-कल्चर, अच्छे बॉस और बैलेंस्ड लाइफ ज्यादा मायने रखते हैं?
इसी सवाल का जवाब मशहूर प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म Blind ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में पेश किया है। Blind ने 2025 की सबसे अच्छी और सबसे खराब टेक कंपनियों की लिस्ट जारी की है, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

ये है बेस्ट टेक कंपनी
रिपोर्ट के मुताबिक इस बार भारतीय टेक प्रोफेशनल्स ने नौकरी चुनते वक्त सिर्फ पैकेज नहीं, बल्कि वर्क-लाइफ बैलेंस, कंपनी कल्चर और लीडरशिप पर भी खास फोकस किया है। इस लिस्ट में अमेरिकी रिटेल कंपनी Target ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में धूम मचाने वाली NVIDIA दूसरे नंबर पर रही। Apple, Google और Meta जैसी ग्लोबल दिग्गज कंपनियों ने भी टॉप 10 में अपनी जगह पक्की की है।
भारतीय कंपनियों का भी शानदार प्रदर्शन
खास बात यह है कि सिर्फ विदेशी कंपनियां ही नहीं, कुछ भारतीय कंपनियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। Zoho, ServiceNow और Akamai Technologies जैसी कंपनियों को वर्क-कल्चर और मैनेजमेंट के मामले में प्रोफेशनल्स ने खूब सराहा है। वहीं American Express ने भी यह साबित कर दिया है कि भले ही सैलरी थोड़ी कम हो, लेकिन अगर कंपनी का माहौल शानदार हो तो कर्मचारी लंबे समय तक जुड़े रहते हैं।

इन कंपनियों ने किया निराश
अब बात उन कंपनियों की जो प्रोफेशनल्स की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं। रिपोर्ट के सबसे चौंकाने वाले हिस्से में यह सामने आया कि Amazon जैसी बड़ी कंपनी को भारत में काम करने के लिहाज से सबसे खराब रैंकिंग मिली है। यह वाकई हैरान करने वाली बात है क्योंकि आमतौर पर Amazon को ड्रीम जॉब वाली कंपनी माना जाता है। इसके अलावा Paytm, InMobi, Coinbase, IBM और Sprinklr जैसी कंपनियां भी निराशाजनक प्रदर्शन वाली लिस्ट में शामिल रहीं।
Coinbase जैसी हाई-पेइंग कंपनी को भी कर्मचारियों की संतुष्टि के मामले में बेहद खराब स्कोर मिला है। इससे साफ हो जाता है कि केवल अच्छी सैलरी से ही कर्मचारी खुश और संतुष्ट नहीं रह सकते। कंपनी कल्चर, काम का माहौल और भरोसेमंद नेतृत्व भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है।
टेक प्रोफेशनल्स क्या कर रहे सर्च?
रिपोर्ट में एक और दिलचस्प ट्रेंड सामने आया कि भारतीय टेक प्रोफेशनल्स किन चीजों को सबसे ज्यादा सर्च कर रहे हैं। सबसे ज्यादा सर्च किए गए नामों में Meta, Google, Microsoft और OpenAI जैसी ग्लोबल कंपनियां शामिल हैं। साथ ही "India offer", "referral", "layoff", "promotion" और "H-1B visa" जैसे टॉपिक भी सबसे ज्यादा खोजे जा रहे हैं। यह साफ तौर पर दिखाता है कि भारतीय प्रोफेशनल्स न केवल देश में, बल्कि विदेशों में भी बेहतर करियर के मौके तलाश रहे हैं।
2025 की यह Blind रिपोर्ट उन सभी लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जो अपनी अगली नौकरी को लेकर विचार कर रहे हैं। अब समय आ गया है कि हम सिर्फ बड़े पैकेज के पीछे न भागें, बल्कि कंपनी का वर्क-एनवायरनमेंट, टीम का सपोर्ट और भविष्य में ग्रोथ के अवसरों को भी अच्छी तरह जांचें। आखिरकार, एक अच्छी नौकरी वही होती है जो हमें सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि संतुष्टि और एक बेहतर जिंदगी भी दे सके।