ITR 2026-27: टैक्स फाइलिंग अब होगी बेहद आसान! ‘Kar Saathi’ AI दूर करेगा आपके सारे शक, जानें कैसे करता है काम
इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करना अब पहले से आसान होने वाला है। सरकार ने ITR सीजन से पहले ‘Kar Saathi’ नाम का AI चैटबॉट लॉन्च किया है, जो 24×7 आपकी टैक्स से जुड़ी हर समस्या का समाधान देने में मदद करेगा।

विस्तार
आयकर विभाग ने इनकम टैक्स 2026-27 सीजन से पहले एक नई वेबसाइट और AI-पावर्ड चैटबॉट 'कर साथी' (Kar Saathi) लॉन्च किया है। यह पहल प्रारंभ 2026 अभियान के तहत शुरू की गई है, जिसका मकसद टैक्स फाइलिंग को सभी के लिए आसान, तेज और सुविधाजनक बनाना है।
नई वेबसाइट को एक ऐसे प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है, जहां यूजर्स को डायरेक्ट टैक्स से जुड़ी हर जानकारी एक ही जगह पर मिल सके।
क्या है 'कर साथी' एआई?
'कर साथी' एक स्मार्ट एआई चैटबॉट है, जो आम चैटबॉट्स जैसे ChatGPT या Google Gemini से अलग है। इसे खासतौर पर टैक्सपेयर्स की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
यह 24×7 वर्चुअल असिस्टेंट की तरह काम करता है और यूजर्स के सवालों का तुरंत जवाब देता है। इसके जरिए आप नए टैक्स नियम समझ सकते हैं, आईटीआर फाइलिंग की प्रक्रिया जान सकते हैं और फॉर्म, डिडक्शन या डेडलाइन से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
हालांकि यह चैटबॉट आपकी ओर से टैक्स फाइल नहीं करेगा, बल्कि केवल मार्गदर्शन और समस्याओं के समाधान के लिए है।
कैसे करेगा आपकी मदद?
'कर साथी' एडवांस नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग तकनीक पर काम करता है, जिससे यह यूजर के सवाल को समझकर सटीक और संदर्भ के अनुसार जवाब देता है।
यह खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो पहली बार आईटीआर फाइल कर रहे हैं या जिन्हें टैक्स नियमों की ज्यादा जानकारी नहीं है। इसके जरिए बिना किसी एजेंट के भी आप अपनी ज्यादातर शंकाओं का समाधान पा सकते हैं।
नई वेबसाइट के साथ मिलेगा पूरा टैक्स हब
नई वेबसाइट को 'कर साथी' के साथ इंटीग्रेट किया गया है, जिससे यूजर्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी जरूरी सुविधाएं मिलती हैं। यहां आप टैक्स फॉर्म, नोटिफिकेशन, कैलकुलेटर और जरूरी अपडेट्स आसानी से एक्सेस कर सकते हैं। साथ ही चैटबॉट की मदद से वेबसाइट को नेविगेट करना भी आसान हो जाता है।
डिजिटल टैक्स सिस्टम की ओर बड़ा कदम
इनकम टैक्स विभाग का कहना है कि यह पहल डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे लोगों की फिजिकल ऑफिस और एजेंट्स पर निर्भरता कम होगी और टैक्स फाइलिंग का अनुभव बेहतर बनेगा।
आईटीआर फाइलिंग सीजन आमतौर पर जून की शुरुआत में शुरू होता है, ऐसे में 'कर साथी' का लॉन्च सही समय पर किया गया है ताकि टैक्सपेयर्स पहले से तैयारी कर सकें।
क्या होगा फायदा?
इस एआई चैटबॉट के जरिए टैक्स फाइलिंग के दौरान होने वाली गलतियों में कमी आएगी और यूजर्स को हर स्टेप पर सही जानकारी मिलेगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे फाइलिंग प्रक्रिया तेज होगी और ज्यादा से ज्यादा लोग आसानी से अपना टैक्स रिटर्न भर पाएंगे।
- Smartphones: स्मार्टफोन की कीमतों में 40% तक का तगड़ा उछाल, वीवो और सैमसंग समेत इन ब्रांड्स ने दिया झटका
- गूगल के 5 बड़े अपडेट: बदल सकेंगे Gmail ID, Android 17 में आएगा डार्क मोड, जेमिनी से बनाएं गाने
- Artemis-2: चांद के बेहद करीब से गुजरा आर्टेमिस-2, सामने आईं सांसें थमा देने वाली तस्वीरें
- Prepaid Meter Tips: रोज कितनी बिजली खर्च कर रहे हैं आप? स्मार्ट मीटर एप से रखें हर यूनिट का हिसाब-किताब