Festive Sales Discounts: क्या वास्तव में लोगों को फेस्टिव सेल में डिस्काउंट मिलता है?
फेस्टिव सेल में अमेजन पर iPhone 11 महज 38,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर बिका है। अब सेल खत्म होने के बाद आईफोन 11 की कीमत 41,999 रुपये हो गई है यानी फेस्टिव सेल में यह फोन 3,000 रुपये सस्ता बिका है।

विस्तार
हर साल दिवाली से पहले अमेजन और फ्लिपकार्ट समेत तमाम ई-कॉमर्स साइट पर फेस्टिव सेल का आयोजन होता है। इस सेल में दावा किया जाता है कि प्रोडक्ट सबसे कम कीमत पर मिलेंगे। आप में से अधिकतर लोग फेस्टिव सेल का इंतजार करते हैं। हाल ही में अमेजन की ग्रेट इंडियन फेस्टिवल और फ्लिपकार्ट की बिग बिलियन डेज सेल का आयोजन हुआ था जिसमें आईफोन को अब तक की सबसे कम कीमत पर बेचा गया। फेस्टिव सेल में अधिकतर लोग प्रीमियम प्रोडक्ट खरीदने की कोशिश करते हैं। आइए ये समझने की कोशिश करते हैं कि क्या वास्तव में फेस्टिव सेल में डिस्काउंट मिलता है?
सभी पर नहीं, लेकिन कुछ प्रोडक्ट पर वास्तव में मिलती है छूट
इस महीने की फेस्टिव सेल में अमेजन पर iPhone 11 महज 38,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर बिका है। अब सेल खत्म होने के बाद आईफोन 11 की कीमत 41,999 रुपये हो गई है यानी फेस्टिव सेल में यह फोन 3,000 रुपये सस्ता बिका है। इसी साल होली में आईफोन 11, 41,900 रुपये में बिका था। आईफोन 13 की लॉन्चिंग के बाद एपल ने आधिकारिक तौर पर आईफोन 12 सीरीज की कीमतों में कटौती की थी, लेकिन फेस्टिव सेल में आईफोन 12 की बिक्री काफी कम कीमत में हुई है।
एपल की आधिकारिक कटौती के बाद iPhone 12 के 64 जीबी की कीमत 65,900 रुपये हो गई थी लेकिन फेस्टिव सेल में आईफोन 12 के बेस वेरियंट को (अमेजन) 48,999 रुपये में बेचा गया। वहीं फ्लिपकार्ट की सेल में आईफोन 12 के बेस वेरियंट को 52,999 रुपये में बेचा गया था जो कि अब सेल खत्म होने के बाद 53,999 रुपये में उपलब्ध है। ऐसे में सेल के दौरान इस फोन पर 1,000 रुपये की छूट दी गई।
क्या प्रत्येक सेल में मिलती है छूट?
इसी साल अप्रैल में फ्लिपकार्ट पर Flipkart Flagship Fest सेल का आयोजन हुआ था जिसमें प्रीमियम स्मार्टफोन पर 40 हजार रुपये तक की छूट दी गई थी। फ्लिपकार्ट की इस सेल में आईफोन 11 को 48,999 रुपये के साथ लिस्ट किया गया था। वहीं iPhone XR को महज 39,999 रुपये में लिस्ट किया गया था। अब तुलना करें तो इस वक्त आईफोन 11 41,999 रुपये में खरीदा जा सकता है।
फ्लिपकार्ट की अप्रैल वाली सेल में LG Wing पर 40,000 रुपये की छूट दी गई थी। इस फोन को छूट के साथ अप्रैल 2021 में भी 29,999 रुपये में खरीदा जा सकता था और आज भी फ्लिपकार्ट पर इसकी कीमत 29,999 रुपये ही है। इस फोन को भारत में 69,990 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया था।
तो कुल मिलाकर देखा जाए तो फेस्टिव सेल में सभी प्रोडक्ट पर तो डायरेक्ट छूट नहीं मिलती है। प्रीमियम प्रोडक्ट पर डायरेक्ट छूट मिल जाती है, जबकि मिड रेंज के प्रोडक्ट पर बढ़िया बैंक ऑफर मिलता है। फेस्टिव सेल में धोखाधड़ी का बड़ा खतरा रहता है। इस बार की सेल ही आपने देखा होगा कि कई लोगों को आईफोन के बदले साबुन मिला है और कई लोगों को ईयरबड्स के बदले खाली बॉक्स ही हाथ लगा है। फेस्टिव सेल में बहुत ही सावधानी के साथ खरीदारी करने की जरूरत होती है। बेहतर यही होगा कि खरीदारी करने से पहले आप आधिकारिक वेबसाइट पर प्रोडक्ट की कीमत चेक कर लें।