आज 44 अरब रुपये की है संपत्ति, कभी अखबार बेचते थे Apple के सीईओ टिम कुक

टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी एपल के सीईओ टिम कुक का आज यानी 1 नवंबर, 2019 को जन्मदिन है। टिम कुक का जन्म 1960 में हुआ था। एक समय में अखबार बेचने वाले टिम कुक पिछले 8 सालों से एपल के सीईओ हैं। आप में से कम ही लोग जानते होंगे कि टिम कुक का पूरा नाम टिमोथी डोनाल्ड कुक है। टिम कुक ने कई सालों तक फार्मेसी में भी काम किया है। यूकारी इवाटनी केन की किताब 'हॉन्टेड इम्पायर: ऐपल ऑफ्टर स्टीव जॉब्स' के मुताबिक टिम कुक ने पहली नौकरी अखबार बेचने के तौर पर की थी। वे लोगों के घर पर अखबार पहुंचाया करते थे।
कुक ने औबर्न विश्वविद्यालय से औद्योगिक इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की और ड्यूक विश्वविद्यालय के फूक्वा स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए किया। आईबीएम में 12 साल सेवा देने के बाद के करियर के बाद कुक ने 1998 में एपल का दामन थामा।
ये भी पढ़ेंः करोड़ों रुपये में बिक रहा है स्टीव जॉब्स का कंप्यूटर, फीचर्स जानकर हो जाएंगे हैरान
2000 में कुक एपल के सेल्स और मैनेजमेंट विभाग के वाइस प्रसिडेंट बने। इसके बाद साल 2004 में मैकिन्टोश डिवीजन के अंतरिम सीईओ और प्रमुख पद पर भी काबिज रहे। साल 2009 में स्टीव जॉब्स खराब सेहत के कारण छुट्टी पर गए कुक को अंतरिम सीईओ बनाने की घोषणा की।
अगस्त 2011 में स्टीव जॉब्स की मृत्यु के बाद कुक को एपल का सीईओ बनाया गया। साल 2011 का वह अगस्त महीना ही था जब स्टीव जॉब्स ने खुद टिम कुक को फोन किया था। टिम कुक को साल 2018 में 84 करोड़ रुपये बोनस के रूप में मिले थे। सीईओ बनने के कुछ दिनों बाद कुक ने कहा था कि वे 'गे' हैं।
सेहत को लेकर रहते हैं सजग
टीम कुक अपनी तंदरुस्ती के लिए भी जाने जाते हैं। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक टिम कुक सुबह 3.45 बजे सोकर उठ जाते हैं। इसके बाद सुबह पांच बजे के करीबे वे जिम जाते हैं। कुक मीठा खाने से परहेज करते हैं। इसके बाद करीब आठ बजे 800 ई-मेल पर एक नजर डालते हैं। ऑफिस में काम को लेकर एकबार उन्होंने कहा था कि ऑफिस से देर से घर जाने वालों की लिस्ट में वे भी हैं।