सोच एक कदम आगे : अमर उजाला ने शुरू किया ‘अखबार में टीवी’

उत्तर भारत की संस्कृति के प्रमुख प्रतीक आपके प्रिय हिंदी समाचार पत्र ‘ अमर उजाला’ ने हाल ही में ‘अखबार में टीवी’ का लाजवाब तोहफा अपने पाठकों को दिया है। अखबार पढ़ने के साथ लाइव टीवी का आनंद भी पाठकों को देने का यह अनुपम प्रयोग भविष्य के समाचार पत्र को लेकर अमर उजाला की नवोन्मेषी सोच का हिस्सा है।
‘अखबार में टीवी’ का ये नया फीचर अखबार के पहले पन्ने पर दिए जाने वाले समाचार पैकेज में खास जगह पर दिखेगा। पाठक के हाथ में स्मार्ट फोन है तो अमर उजाला के पहले पन्ने को पढ़ते ही वह सीधे अमर उजाला टीवी पर जाकर देख सकता है, हफ्ते के चुनिंदा समाचारों के बुलेटिन और खास शख्सियत के साक्षात्कार जैसे कार्यक्रम। अमर उजाला अखबार के पहले पन्ने पर दिए बड़े क्यूआर कोड (QR Code) पर अपने स्मार्टफोन के कैमरे को केंद्रित करके पाठक सीधे अमर उजाला टीवी पर प्रसारित हो रहे अमर उजाला संवाद को सजीव देख सकते हैं।
‘अखबार में टीवी’ के इस फीचर को लेकर अमर उजाला के निदेशक प्रोबाल घोषाल ने कहा, ‘समाचार पत्र विचार और चिंतन का अवसर देता है। दूसरी ओर, डिजिटल मीडिया से अहसास और अनुभव की अनुभूति होती है। दोनों को समेकित करने के पीछे हमारा उद्देश्य अमर उजाला के पाठकों तक दोनों माध्यमों को निर्बाध पहुंचाना है। अखबार में टीवी हमारी इसी सोच का नमूना है। इससे न सिर्फ कंटेंट के स्तर पर बेहतर अनुभव होगा बल्कि अखबार के पाठकों तक डिजिटल के मूल कार्यक्रमों की पहुंच हो जाएगी। हमारा मार्केटिंग अभियान ‘सोच एक कदम आगे’ इसी को प्रतिबिंबित करता है।’
पहले ही दिन पाठकों ने दिखाया उत्साह

रोचक यह है कि इस खास फीचर ‘अखबार में टीवी’ को जारी करने के पहले दिन ही 20 हजार से ज्यादा बार क्यूआर कोड स्कैन किया गया। इससे स्पष्ट है कि अमर उजाला के समाचार पत्र और डिजिटल कंटेंट को समेकित करने के इस अभियान को लेकर पाठक उत्साहित हैं। पाठकों को समाचार पत्र और बेहतर डिजिटल कंटेंट साथ-साथ देना ही ‘अखबार में टीवी’ का उद्देश्य है।