व्हाट्सएप चलाते समय न करें ये चार गलतियां: वरना पलभर में खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट, कैसे रहें सुरक्षित?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sun, 29 Nov 2026 07:20 AM IST
सार
  • व्हाट्सएप पर बढ़ रहे ऑनलाइन स्कैम।
  • अनजान मैसेज और कॉल से रहें सावधान।
  • कभी भी निजी जानकारी और ओटीपी साझा न करें।
  • संदिग्ध अकाउंट को ब्लॉक और रिपोर्ट करें।
WhatsApp Safety Tips, 4 Easy Ways Protect Yourself From Scams, Fraud
व्हाट्सएप स्कैम अलर्ट - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    किसी को मैसेज भेजना हो, हजारों किलोमीटर दूर बैठे अपने किसी करीबी से वीडियो कॉल पर बात करनी हो या फिर फोटो और ऑडियो शेयर करना हो, आज इन सभी कामों के लिए हम काफी हद तक व्हाट्सएप पर निर्भर हो गए हैं, लेकिन इसकी बढ़ती लोकप्रियता के साथ साइबर ठगों ने भी इसे ठगी का नया जरिया बना लिया है। कभी अनजान नंबर से मैसेज आता है, तो कभी कोई परिचित बनकर पैसे या निजी जानकारी मांगता है। ऐसे में आपकी एक छोटी सी लापरवाही जीवनभर की कमाई मिनटों में गंवा सकती है। इसलिए व्हाट्सएप इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं, कैसे आप इन ऑनलाइन स्कैम से बच सकते हैं और अपने अकाउंट को सुरक्षित रख सकते हैं।

    किन बातों से रहें सावधान?

    अगर आपके व्हाट्सएप पर किसी ऐसे नंबर से मैसेज या कॉल आता है, जिसे आप जानते न हो, तो बिना सोचे-समझे जवाब न दें। सबसे पहले यह समझने की कोशिश करें कि सामने वाला व्यक्ति आपसे क्या मांग रहा है। इसके लिए इन बातों का खास ध्यान रखें...

    • क्या मैसेज किसी अनजान नंबर से आया है?
    • क्या सामने वाला जल्दबाजी करने के लिए कह रहा है?
    • क्या आपको किसी तरह की धमकी दी जा रही है?
    • क्या बिना जांच-पड़ताल के भरोसा करने को कहा जा रहा है?
    • क्या आपसे पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा जा रहा है?
    • क्या पासवर्ड, पिन या निजी जानकारी मांगी जा रही है?

    अगर इनमें से कोई भी बात सामने आती है, तो सतर्क हो जाएं। जल्दबाजी में कोई फैसला न लें।

    तुरंत बंद करें बातचीत

    • मान लीजिए आप किसी अंजान व्यक्ति से बात कर रहे हैं, और आपको लग रहा है कि व्यक्ति फंसाने की कोशिश कर रहा है, तो उससे बातचीत आगे न बढ़ाएं। अगर कॉल पर बात हो रही है, तो तुरंत कॉल काट दें। मैसेज के जरिए संपर्क किया गया है, तो जवाब देना बंद कर दें।
    • खास बात यह है कि जब तक आपको सामने वाले की पहचान का भरोसा न हो जाए, तब तक अपनी निजी या वित्तीय जानकारी साझा न करें। किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज आने पर भी पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें।

    संदिग्ध नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट करें

    • अगर कोई व्यक्ति आपको बार-बार संदिग्ध मैसेज या कॉल कर रहा है, तो उसे ब्लॉक कर दें। इसके साथ ही व्हाट्सएप पर उस अकाउंट की रिपोर्ट भी करें।
    • ब्लॉक करने से वह अकाउंट आपको दोबारा मैसेज या कॉल नहीं कर पाएगा। वहीं, रिपोर्ट करने से व्हाट्सएप को उस अकाउंट की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है। इसलिए किसी भी संदिग्ध अकाउंट को नजरअंदाज करने के बजाय उसे ब्लॉक और रिपोर्ट करना बेहतर है।

    प्राइवेसी और सिक्योरिटी सेटिंग्स अपडेट करें

    • एक्सपर्ट्स कहते हैं कि व्हाट्सएप अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए उसकी प्राइवेसी और सिक्योरिटी सेटिंग्स की जांच करते रहना भी जरूरी है। अपनी प्राइवेसी सेटिंग्स में यह तय कर सकते हैं कि आपकी निजी जानकारी कौन देख सकता है और कौन आपसे संपर्क कर सकता है।
    • इसके अलावा, अकाउंट की सुरक्षा बढ़ाने के लिए टू-स्टेप वेरिफिकेशन (Two-Step Verification) चालू करें। इससे अकाउंट को सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत मिलती है।

    किन बातों का न करें नजरअंदाज?

    • व्हाट्सएप पर किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। अपना पासवर्ड, पिन और दूसरी संवेदनशील जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अगर कोई परिचित बनकर पैसे मांगता है, तो उसके पुराने नंबर पर कॉल करके पहले पुष्टि कर लें।
    • हमेशा ध्यान रखें कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या कॉल पर जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देना आपको ऑनलाइन ठगी का शिकार बना सकता है। इसलिए सतर्क रहें, पहचान की पुष्टि करें और अपने व्हाट्सएप अकाउंट की सुरक्षा सेटिंग्स हमेशा अपडेट रखें।