Smartphone Blast: गेम खेलते समय बच्चे के हाथ में फटा स्मार्टफोन, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलतियां
कई बार फोन को चार्ज करने के लिए जरूरत से ज्यादा पावर वाले चार्जर और लोकल चार्जर का इस्तेमाल किया जाता है। इस कारण से भी पावर सप्लाई में दिक्कत आती है और फोन की बैटरी फटने जैसी स्थिति उत्पन्न होती है।

विस्तार
आजकल स्मार्टफोन में आग लगने और ब्लास्ट होने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में ऐसा एक हादसा उत्तरप्रदेश के मथुरा से सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, रेडमी के फोन में वीडियो गेम खेलते हुए जोरदार ब्लास्ट हुआ। इस हादसे में 13 साल का लड़का बुरी तरह से घायल हो गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। फोन ब्लास्ट होने का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी स्मार्टफोन में आग लगने और ब्लास्ट होने के मामले सामने आते रहे हैं।
इस तरह के हादसे का कारण कई बार मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट होता है तो कई बार यूजर्स की लापरवाही। आमतौर पर इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट और स्मार्टफोन में तभी आग लगती है जब पावर सप्लाई में दिक्कत होती है। कई बार फोन को चार्ज करने के लिए जरूरत से ज्यादा पावर वाले चार्जर और लोकल चार्जर का इस्तेमाल किया जाता है। इस कारण से भी पावर सप्लाई में दिक्कत आती है और फोन की बैटरी फटने जैसी स्थिति उत्पन्न होती है। इस रिपोर्ट में हम आपको ऐसी गलतियों के बारे में बताने वाले हैं, जिनसे बचकर आप अपने स्मार्टफोन को ब्लास्ट से बचा सकते हैं। चलिए जानतें हैं।
अगर आप लोकल चार्जर का यूज करके स्मार्टफोन को चार्ज कर रहे हैं तो ऐसा करना तुरंत बंद करें। यह स्मार्टफोन की बैटरी को खराब करता है और बैटरी ब्लास्ट का प्रमुख कारण बन सकता है। दरअसल, लोकल चार्जर में पावर का फ्लो कम-ज्यादा होता रहता है, जो स्मार्टफोन की बैटरी पर दबाव बनाता है और इससे कई बार बैटरी ब्लास्ट तक हो जाती है। ऐसे में केवल फोन के ओरिजनल चार्जर का ही इस्तेमाल करें।
फोन की बैटरी को पूरा डिस्चार्ज होने से पहले चार्जिंग पर लगा दें और फोन को 100 फीसदी तक चार्ज करने से बचें। यानी आपको फोन को 30 फीसदी बैटरी होने से पहले ही चार्ज कर लेना चाहिए, क्योंकि कम बैटरी होने पर फोन जरूरत से ज्यादा गरम हो जाता है, जो कि ब्लास्ट का कारण बन सकता है। वहीं फोन को ज्यादा चार्ज करने से बैटरी की क्षमता प्रभावित होती है और बैटरी पर अधिक दबाव पड़ता है। कोशिश करें कि फोन को 95- 98 फीसदी होने पर ही चार्जिंग से निकाल लें।