ओला से बजाज तक...: एक लाख से कम में मिलते हैं ये पांच इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानें रेंज और फीचर्स की पूरी डिटेल
अगर इस दशहरा या दिवाली आप भी अपने घर नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लाने का मन बना रहे हैं, लेकिन बजट एक लाख रुपये से ज्यादा नहीं है, तो बिल्कुल परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारतीय बाजार में ऐसे कई बेहतरीन ईवी विकल्प मौजूद हैं, जो कम बजट में भी जबरदस्त रेंज और आधुनिक तकनीक से लैस हैं। आइए जानते हैं इस बजट में आने वाले सबसे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के बारे में...

विस्तार
इस बार त्योहारों में अगर आप भी नया टू-व्हीलर खरीदने का मन बना रहे हैं, तो भारतीय बाजार में एक लाख से कम के बजट में कई शानदार इलेक्ट्रिक स्कूटर विकल्प मौजूद हैं। ओला S1 Z, विडा VX2 Go 3.4, एम्पीयर मैग्नस नियो, प्योर ईवी एंट्रेंस नियो SX और बजाज चेतक C2501 जैसे ये पांच मॉडल्स न केवल आपके बजट में फिट बैठते हैं, बल्कि पेट्रोल के खर्च से भी पूरी तरह छुटकारा दिलाते हैं। इनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹79,999 से शुरू होती है।
आइए जानते हैं इन पांचों इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत, रेंज, टॉप स्पीड और खास फीचर्स के बारे में।
ओला S1 जेड: 179 किमी तक की IDC रेंज
- ओला S1 जेड उन लोगों के लिए एक बढ़िया विकल्प हो सकता है, जो किफायती बजट में इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदना चाहते हैं और ज्यादा रेंज को प्राथमिकता देते हैं। इसके 3.1kWh वेरिएंट की आईडीसी रेंज एक बार चार्ज करने पर 179 किमी बताई गई है।
- इसकी टॉप स्पीड 70 किमी प्रति घंटा है और यह 0 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार सिर्फ 4.6 सेकेंड में पकड़ सकता है। ओला S1 जेड की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत लगभग 79,999 है।
बजाज चेतक C2501: तीन राइड मोड और 5 साल की वारंटी
- बजाज चेतक C2501 में 2.5kWh की बैटरी दी गई है, जो एक बार चार्ज करने पर 113 किमी की रेंज देती है। इसकी टॉप स्पीड 60 किमी प्रति घंटा है। इसमें इको, स्पोर्ट्स और टेकपेक जैसे राइड मोड मिलते हैं। बैटरी को 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में 2.25 घंटे लगते हैं।
- कंपनी इस स्कूटर पर पांच साल या 70 हजार किमी की वारंटी देती है। ब्रेकिंग के लिए इसके फ्रंट में डिस्क ब्रेक और रियर में ड्रम ब्रेक दिया गया है। इसका व्हीलबेस 1,225 मिमी और सीट की ऊंचाई 763 मिमी है। जाज चेतकk C2501 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 99,802 है।
विडा VX2 Go 3.4: रिमूवेबल बैटरी की सुविधा
- विडा VX2 Go 3.4 में 3.4kWh की बैटरी दी गई है। कंपनी के अनुसार इसकी IDC रेंज 146 किमी और टॉप स्पीड 70 किमी प्रति घंटा है। इसकी खास बात है कि इसमें बैटरी को स्कूटर से निकालकर अलग से चार्ज किया जा सकता है। इसकी चार्जिंग रेटिंग 580W तक है।
- दी गई जानकारी के अनुसार, फास्ट चार्जिंग के जरिए बैटरी को चार्ज करने में 62 मिनट लग सकते हैं, जबकि एसी चार्जिंग से इसे 20 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में 3 घंटे 33 मिनट का समय लगता है। विडाVX2 Go 3.4 की एक्स-शोरूम कीमत लगभग 95 हजार है।
एम्पीयर मैग्नस नियो: 125 किमी की IDC रेंज
एम्पीयर मैग्नस नियो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 90,999 है। इसकी IDC रेंज 125 किमी बताई गई है और यह 65 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड से चल सकता है। कंपनी का दावा है कि इस स्कूटर की बैटरी लाइफ 1,70,000 किमी तक है। इसकी सीट की ऊंचाई 777 मिमी है और बैटरी को फुल चार्ज होने में करीब 6 घंटे लगते हैं। इसे खरीदने से पहले बैटरी की वारंटी और उससे जुड़ी शर्तों की जानकारी लेना जरूरी है।
प्योर ईवी एट्रान्स नियो एसएक्स: 101 किमी तक की रेंज
- प्योर ईवी एट्रान्स नियो एसएक्स की टॉप स्पीड 47 किमी प्रति घंटा है। कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर एक बार चार्ज करने पर 70 से 101 किमी तक की रेंज दे सकता है। इसमें 1.8kWh की लिथियम-आयन बैटरी दी गई है और यह अधिकतम 100 किलोग्राम तक वजन उठा सकता है।
- इस स्कूटर पर 10 साल या 40,000 किमी तक की एक्सटेंडेड वारंटी भी मिलती है। प्योर ईवी एट्रान्स नियो एसएक्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 84,836 है। इसकी टॉप स्पीड को देखते हुए खरीदने से पहले अपनी रोजाना की दूरी और इस्तेमाल की जरूरतों का आकलन करना बेहतर रहेगा।
क्यों खरीद सकते हैं इलेक्ट्रिक स्कूटर?
- इलेक्ट्रिक स्कूटर का एक बड़ा फायदा पेट्रोल पर होने वाले रोजाना के खर्च से बचना है। अगर आप ऑफिस, बाजार या दूसरे नजदीकी कामों के लिए रोज स्कूटर चलाते हैं, तो बिजली से चार्ज होने वाला वाहन आपके सफर के खर्च को कम करने में मदद कर सकता है। हालांकि, कुल बचत आपकी रोजाना की दूरी, बिजली की दर और चार्जिंग के तरीके पर निर्भर कर सकती है।
- ध्यान रहे खरीदने से पहले सिर्फ रेंज और कीमत देखना काफी नहीं है। अपने घर या पार्किंग में चार्जिंग की सुविधा, बैटरी वारंटी, सर्विस सेंटर की उपलब्धता, स्कूटर की टॉप स्पीड और सीट की ऊंचाई जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दें। साथ ही, कंपनी की बताई गई रेंज को वास्तविक सड़क पर मिलने वाली रेंज न मानें।