लैपटॉप बेचने की कर रहे हैं तैयारी?: डील फाइनल करने से पहले जरूर कर लें पांच काम, वरना लीक हो सकता है निजी डेटा

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Sun, 22 Nov 2026 07:04 AM IST
सार
  • लैपटॉप बेचने से पहले डेटा बैकअप लें।
  • सभी अकाउंट्स से लॉगआउट करें।
  • डिवाइस को अकाउंट से अनलिंक करें।
  • फैक्ट्री रीसेट और सिक्योर वाइप करें।
  • खरीदार से सेल रिसीट जरूर बनवाएं।
Selling Your Old Laptop? 5 Things Do Before Handing It Over
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    अगर आप भी अपना लैपटॉप बेचने वाले हैं, तो जल्दबाजी आपको परेशानी में डाल सकती है। क्योंकि लैपटॉप में सिर्फ आपकी फोटो और डॉक्यूमेंट ही नहीं, बल्कि ईमेल, बैंकिंग और सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़ी निजी जानकारी भी हो सकती है। ऐसे में बिना सही तैयारी के लैपटॉप किसी को देना आपकी प्राइवेसी के लिए खतरा बन सकता है। कई बार फाइल्स डिलीट करने के बाद भी उन्हें रिकवर किया जा सकता है। इसलिए पुराना लैपटॉप बेचने से पहले ये पांच जरूरी काम जरूर कर लें।

    1. सबसे पहले पूरे डेटा का बैकअप लें

    • लैपटॉप बेचने से पहले पहला काम होता है अपनी जरूरी फाइल्स को सुरक्षित रखना है। इसके लिए हर ड्राइव, डेस्कटॉप और डाउनलोड्स फोल्डर को अच्छी तरह चेक करें। कई बार जल्दबाजी में जरूरी डॉक्यूमेंट या निजी फोटो छूट जाते हैं।
    • अपने डेटा को एक्सटर्नल हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव या क्लाउड स्टोरेज में कॉपी कर लें। बैकअप पूरा होने के बाद फाइलों को किसी दूसरे डिवाइस में खोलकर भी देखें। इससे पता चल जाएगा कि आपका पूरा डेटा सही तरीके से सेव हुआ है या नहीं।

    2. सभी अकाउंट्स से लॉगआउट और सॉफ्टवेयर डीएक्टिवेट करें

    • बैकअप लेने के बाद लैपटॉप में लॉगइन अपने सभी अकाउंट्स को हटाना जरूरी है। क्रोम और दूसरे ब्राउजर में सेव पासवर्ड, ऑटोफिल डिटेल्स और हिस्ट्री क्लियर कर दें। इसके अलावा जीमेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग वेबसाइट्स से भी साइन आउट करें।
    • अगर आपने माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, एडोब या किसी दूसरे पेड सॉफ्टवेयर का लाइसेंस लिया है तो पुराने लैपटॉप से उसे डीएक्टिवेट कर दें। इससे आप उस लाइसेंस को नए लैपटॉप में इस्तेमाल कर सकेंगे।

    3. माइक्रोसॉफ्ट और एपल अकाउंट से डिवाइस हटाएं

    • सिर्फ ब्राउजर से लॉगआउट करना काफी नहीं है। अपने मुख्य सिस्टम अकाउंट से भी पुराने लैपटॉप को अनलिंक करना जरूरी है।
    • विंडोज यूजर्स:माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट में जाकर पुराने लैपटॉप को डिवाइस लिस्ट से रिमूव करें।
    • मैकबुक यूजर्स:आईक्लाउड से साइन आउट करें और फाइंड माई मैक फीचर बंद करें।
    • ऐसा नहीं करने पर नए खरीदार को लैपटॉप का सेटअप करने में परेशानी हो सकती है। साथ ही आपका अकाउंट भी पुराने डिवाइस से जुड़ा रह सकता है।

    4. फैक्ट्री रीसेट के साथ डेटा सिक्योर वाइप करें

    • लैपटॉप की फाइलें डिलीट करके रीसाइकल बिन खाली करना ही काफी नहीं है। डेटा रिकवरी सॉफ्टवेयर की मदद से कई बार डिलीट की गई फाइलें वापस निकाली जा सकती हैं। इसलिए लैपटॉप को फैक्ट्री रीसेट करना जरूरी है।
    • अगर आप विंडोज का इस्तेमाल करते हैं तो सेटिंग में जाकर रीसेट दिस पीसी चुनें। इसके बाद रीमूव एवरीथिंग के साथ क्लीन डाटा का विकल्प ऑन करें।
    • अगर आप मैकबुक यूजर हैं, तो इरेज ऑल कॉनटेंट एंड सेटिंग्स विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं। सिक्योर वाइप में सामान्य रीसेट से ज्यादा समय लग सकता है, लेकिन इससे पुराने डेटा को रिकवर करना मुश्किल हो जाता है।
    • ध्यान रखें कि SSD और HDD में डेटा मिटाने की प्रक्रिया अलग हो सकती है। इसलिए डिवाइस के अनुसार सही वाइप विकल्प चुनें।

    5. खरीदार से सेल रिसीट जरूर बनवाएं

    • लैपटॉप बेचते समय सिर्फ पैसे लेकर डिवाइस सौंप देना सही तरीका नहीं है। खासकर जब आप इसे किसी अनजान व्यक्ति या लोकल दुकानदार को बेच रहे हों।
    • लैपटॉप सौंपने से पहले उसके सही तरीके से काम करने का एक छोटा वीडियो बना लें। इसके साथ ही खरीदार से सादे कागज पर सेल रिसीट बनवाकर हस्ताक्षर करा लें। इसमें ये लैपटॉप का सीरियल नंबर, बिक्री की तारीख, खरीदार की आईडी की जानकारी, खरीदार के हस्ताक्षर जैसे जानकारी जरूर शामिल हों। इससे भविष्य में डिवाइस के गलत इस्तेमाल को लेकर कोई विवाद होने पर आपके पास बिक्री का रिकॉर्ड रहेगा।