एंड्रॉयड फोन की बैटरी हेल्थ कैसे चेक करें और बैकअप कैसे बढ़ाएं
यदि आपका फोन जरूरत से ज्यादा बैटरी खा रहा है और आप फोन के बैटरी बैकअप को लेकर परेशान हैं तो हम आपको फोन की बैटरी हेल्थ चेक करने और बैकअप बढ़ाने के तरीके बताएंगे।

विस्तार
डिजिटल दौर में स्मार्टफोन हर किसी की जरूरत है। मोबाइल फोन के ज्यादा इस्तेमाल से बैटरी भी जल्दी खत्म होती है। लेकिन यदि आपका फोन जरूरत से ज्यादा बैटरी कंज्यूम कर रहा है और आप फोन के बैटरी बैकअप को लेकर परेशान हैं तो यह खबर आपके लिए है। इस रिपोर्ट में हम आपको फोन की बैटरी हेल्थ चेक करने और बैटरी बैकअप बढ़ाने के तरीके बताएंगे। चलिए इन तरीकों को आसान भाषा में समझते हैं।
ऐसे चेक करें एंड्रॉयड फोन की बैटरी हेल्थ
सभी स्मार्टफोन में बैटरी की हेल्थ और टेंपरेचर चेक करने का ऑप्शन नहीं दिया जाता है। ऐसे में यूजर्स को थर्ड पार्टी एप की मदद लेनी पड़ती है। कुछ एंड्रॉयड ब्रांड जैसे सैमसंग आपको बैटरी की डिटेल जानने के लिए कुछ ऑप्शन देता है, लेकिन यह काफी नहीं हैं। बैटरी की हेल्थ और टेंपरेचर की सही जानकारी के लिए आपको गूगल प्ले स्टोर से AccuBattery एप को डाइनलोड करना चाहिए। यह एप यूज करने में आसान है और आपको बैटरी से संबंधित सही और सटीक जानकारी भी देता है।
AccuBattery एप
बैटरी की चार्जिंग के मामले में सलाह दी जाती है कि फोन की बैटरी को केवल 80 फीसदी तक ही चार्ज करना चाहिए। क्योंकि लंबे समय तक फुल चार्ज करने से बैटरी की कैपेसिटी पर असर पड़ता है और बैटरी जल्दी खराब हो सकती है। इस एप की मदद से आप से आप आसानी से यह काम कर सकते हैं और अपने फोन की बैटरी की हेल्थ को मैनेज कर सकते हैं। AccuBattery एप पर आप बैटरी चार्जिंग लेवल के हिसाब से अलार्म सेट कर सकते हैं। मान लीजिए आपने 80 प्रतिशत पर अलार्म सेट किया है, तो यह एप फोन की बैटरी 80 प्रतिशत चार्ज होने पर अलार्म करने लगेगा।
यह एप चार्जिंग और गेमिंग के दौरान बैटरी के टेंपरेचर को भी चेक करता है और 50 डिग्री से ज्यादा टेंपरेचर होने पर आपको सचैत भी करता है। इसके साथ ही यह एप आपकी बैटरी और चार्जिंग से संबंधित सभी डिटेल को रिकॉर्ड भी करता है, जिससे आप कभी भी अपनी बैटरी की हेल्थ, चार्जिंग में लगने वाले समय और टेंपरेचर की डिटेल देख सकते हैं। इस एप में आपको एक डीप स्लीप फीचर भी मिलता है, जिसकी मदद से आप आपके फोन की बैटरी बैकअप को और बढ़ा सकते हैं।