टेक टिप्स: सेकेंड हैंड लैपटॉप खरीदने की कर रहे हैं प्लानिंग? डील फाइनल करने से पहले ऐसे चेक करें बैटरी हेल्थ

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sat, 28 Nov 2026 07:01 AM IST
सार
  • कई बार सेकंड हैंड लैपटॉप में कराब बैटरी की वजह से बाद में भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
  • सेकंड हैंड लैपटॉप डील फाइनल करने से पहले आसान स्टेप्स में बैटरी की असली हेल्थ पता की जा सकती है।
  • ये ट्रिक्स विंडोज लैपटॉप और मैकबुक दोनों पर काम करती हैं।
how to check battery health before buying a second hand windows laptop or macbook easy buying guide
सेकेंड हैंड लैपटॉप खरीदते समय जरूर करें ये काम। - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    पढ़ाई हो, ऑफिस का काम हो या मनोरंजन, आज के दौर में एक अच्छा लैपटॉप हर किसी की जरूरत बन गया है। हालांकि, दमदार प्रोसेसर और ज्यादा रैम वाले नए लैपटॉप की कीमत काफी अधिक होती है, जिसके चलते कई लोग बजट बचाने के लिए सेकंड हैंड (पुराना) लैपटॉप खरीदते हैं। लेकिन पुरानी डिवाइस खरीदते समय थोड़ी सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है खासकर बैटरी के मामले में। अगर बैटरी कमजोर निकली, तो उसे बदलवाने में ही हजारों रुपये खर्च हो जाते हैं।

    अच्छी बात यह है कि आप बिना किसी थर्ड-पार्टी ऐप या दुकानदार की मदद के, खुद चंद मिनटों में यह जांच सकते हैं कि लैपटॉप की बैटरी में अभी कितनी जान बाकी है।

    Windows लैपटॉप में ऐसे निकालें असली बैटरी रिपोर्ट

    • लैपटॉप के सर्च बार में cmd टाइप करें और Command Prompt ओपन करें।
    • अब काली स्क्रीन पर powercfg /batteryreport टाइप करें और Enter दबा दें।
    • स्क्रीन पर एक फाइल पाथ (लोकेशन) दिखाई देगा, जिसे कॉपी करके किसी भी इंटरनेट ब्राउजर (जैसे Chrome या Edge) के एड्रेस बार में पेस्ट कर दें।

    ऐसा करते ही बैटरी की पूरी रिपोर्ट खुल जाएगी। इसमें नए लैपटॉप में बैटरी की कुल क्षमता और फुल चार्ज कैपेसिटी पर ध्यान दें। यदि दोनों के बीच बड़ा अंतर है और मौजूदा क्षमता 70 फीसदी से नीचे आ चुकी है, तो समझ जाएं कि बैटरी जल्द ही बदलनी पड़ेगी।

    पुराना MacBook खरीदने से पहले ऐसे करें जांच

    • कीबोर्ड पर Option बटन दबाए रखें और स्क्रीन के ऊपर बाईं तरफ बने Apple लोगो पर क्लिक करें।
    • अब System Information पर जाएं और बाईं तरफ दिख रही लिस्ट में Power सेक्शन को चुनें।
    • यहां 'Health Information' के नीचे आपको Cycle Count और Condition लिखा दिखेगा।

    बैटरी के 0 से 100 फीसदी तक चार्ज होकर पूरी तरह इस्तेमाल होने को एक साइकिल गिना जाता है। आधुनिक मैकबुक की बैटरी लगभग 1,000 साइकिल तक बेहतरीन काम करने के लिए बनी होती है। अगर साइकिल काउंट 700 से 800 के पार पहुंच चुका है या कंडीशन में 'Service Recommended' लिखा आ रहा है, तो उस मैकबुक को खरीदने से बचें।

    सॉफ्टवेयर रिपोर्ट के साथ लाइव बैकअप टेस्ट भी जरूरी

    सिर्फ सिस्टम रिपोर्ट पर भरोसा करने के बजाय बैटरी की फिजिकल स्थिति और लाइव परफॉर्मेंस भी जरूर परखें:

    बैटरी फूलने की जांच:

    लैपटॉप को किसी समतल सतह पर रखकर देखें कि उसका निचला हिस्सा या कीबोर्ड बीच से उभरा हुआ तो नहीं है। पुरानी बैटरी फूलने पर ट्रैकपैड ठीक से काम नहीं करता और यह सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक हो सकता है।

    15-20 मिनट का वीडियो टेस्ट:

    लैपटॉप को चार्जर से हटा दें और स्क्रीन की ब्राइटनेस फुल करके YouTube पर 15 से 20 मिनट तक हाई-क्वालिटी वीडियो चलाएं। अगर इस दौरान बैटरी परसेंटेज अचानक 80% से गिरकर सीधा 50% पर आ जाता है या लैपटॉप बिना किसी चेतावनी के बंद हो जाता है, तो समझ लें कि बैटरी पूरी तरह जवाब दे चुकी है।

    और पढ़ें...