टिप्स: कहीं आपके होटल के कमरे में हिडन कैमरा तो नहीं? स्मार्टफोन से लगा सकते हैं पता, जानें सबसे आसान तरीका
चाहे छुट्टियों में परिवार के साथ घूमने जाना हो या फिर ऑफिस के किसी काम से ट्रैवल करना हो, ठहरने के लिए होटल में कमरा बुक करना ही पड़ता है, लेकिन क्या हाेटल्स रुकने के लिए सेफ होते हैं। आज के समय में स्पाई कैमरे इतने छोटे हो चुके हैं कि इन्हें बल्ब के होल्डर, दीवार घड़ी, स्मोक डिटेक्टर, टीवी के सेट-टॉप बॉक्स या चार्जर सॉकेट में आसानी से छिपा दिया जाता है। आम आंखों से इन्हें तुरंत देख पाना मुश्किल होता है। हालांकि, अपनी प्राइवेसी की सुरक्षा के लिए आपको किसी महंगी मशीन की जरूरत नहीं है, बस स्मार्टफोन से ही इन्हें चुटकियों में पकड़ा जा सकता है।

विस्तार
अक्सर होटल के कमरे में पहुंचने के बाद एक चिंता मन में जरूर आती है कि कहीं आसपास कोई हिडन कैमरा तो नहीं लगा होगा। पिछले कुछ समय में होटल के कमरों और बाथरूम में छिपे कैमरे मिलने की कई खबरें सामने आई हैं। ऐसे में अपनी और परिवार की प्राइवेसी को लेकर सतर्क रहना जरूरी है।
फोन के कैमरे से कैसे पकड़ें हिडन कैमरा?
- कई हिडन कैमरे अंधेरे में रिकॉर्डिंग के लिए इन्फ्रारेड (IR) लाइट का इस्तेमाल करते हैं। यह रोशनी इंसानी आंखों को दिखाई नहीं देती, लेकिन कुछ स्मार्टफोन कैमरे इसे पकड़ सकते हैं।
- इसके लिए सबसे पहले होटल के कमरे की सभी लाइटें बंद कर दें और पर्दे लगाकर कमरे में अंधेरा कर लें। अब अपने स्मार्टफोन का कैमरा ऑन करें। इसके बाद कमरे के अलग-अलग हिस्सों की तरफ कैमरा घुमाकर फोन की स्क्रीन पर फोकस करें।
- खास तौर पर एसी वेंट, टीवी, दीवार घड़ी और कमरे के दूसरे ऐसे हिस्सों को चेक करें, जहां कोई छोटा कैमरा छिपाया जा सकता हो। अगर स्क्रीन पर कहीं लाल, बैंगनी या सफेद रंग का छोटा चमकता हुआ डॉट दिखाई देता है, तो उस जगह पर कैमरा या कोई आईआर लाइट वाला गैजेट हो सकता है।
- यहां पर एक बात ध्यान रखें कि हर स्मार्टफोन का कैमरा IR लाइट नहीं पकड़ पाता। कई आईफोन के रियर कैमरे में IR फिल्टर लगा होता है। ऐसे में अगर बैक कैमरे से कुछ नजर नहीं आता, तो फ्रंट यानी सेल्फी कैमरे से भी जांच करके देखें।
फ्लैशलाइट से भी कर सकते हैं कैमरे की जांच
- इसके अलावा स्मार्टफोन की फ्लैशलाइट भी हिडन कैमरे का लेंस ढूंढने में मदद कर सकती है। इसके लिए कमरे में अंधेरा रखें और फोन की फ्लैशलाइट ऑन कर दें। अब कमरे की उन जगहों पर रोशनी डालें, जहां कैमरा छिपे होने का शक हो।
- अगर वहां कैमरे का लेंस मौजूद है, तो उस पर रोशनी पड़ने से कांच जैसा चमकदार रिफ्लेक्शन दिखाई दे सकता है। यह नीला या सफेद चमकता हुआ नजर आ सकता है। ऐसी किसी जगह पर चमक दिखे तो उसे ध्यान से जांचें।
- हालांकि इसे ही पक्का नहीं माना जा सकता है। यह तरीका होटल के कमरे में किसी संदिग्ध कैमरे का शुरुआती संकेत दे सकता है, लेकिन इससे यह पक्का नहीं होता कि कमरे में कैमरा है या नहीं। सभी कैमरे इन्फ्रारेड लाइट का इस्तेमाल नहीं करते और हर फोन का कैमरा भी आईआर लाइट पकड़ने में सक्षम नहीं होता। इसी तरह किसी दूसरी चमकदार सतह से भी रिफ्लेक्शन दिखाई दे सकता है।
- इसलिए जांच के दौरान किसी संदिग्ध जगह पर कुछ नजर आए तो उसे ध्यान से देखें। अगर कैमरा होने का शक मजबूत हो, तो होटल प्रबंधन को सूचना दें और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करें।
होटल के कमरे में लोग अपने परिवार के साथ समय बिताते हैं। ऐसे में किसी छिपे कैमरे से उनकी निजता का उल्लंघन हो सकता है। इसलिए कमरे में पहुंचने के बाद आसपास की जगहों पर नजर डालना और संदिग्ध गैजेट्स की जांच करना एक सावधानी है।