Sewa Mitra App: अब एक कॉल पर आएंगे सरकारी मैकेनिक और प्लंबर, जानें घर बैठें कैसे बुक करें वेरिफाइड टेक्नीशियन
Home Services App Uttar Pradesh:
अगर घर का नल टूट जाए, एसी खराब हो जाए या अचानक बिजली की दिक्कत आ जाए तो अक्सर लोगों को भरोसेमंद मैकेनिक ढूंढने में काफी परेशानी होती है। इस समस्या को हल करने के लिए सेवा मित्र एप (Sewa Mitra App) एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आया है। खास बात यह है कि इस एप पर रजिस्टर्ड हर तकनीशियन का पुलिस वेरिफिकेशन और स्किल टेस्ट किया जाता है, जिससे यूजर्स को सुरक्षित और भरोसेमंद सर्विस मिलती है।

विस्तार
सेवा मित्र एप दरअसल घर से जुड़ी छोटी-बड़ी सर्विसेज को आसान बनाने के लिए लॉन्च किया गया, एक सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसे उत्तर प्रदेश स्किल डेवलेपमेंट मिशन के तहत शुरू किया गया है। अगर तुलना करें तो इसे प्राइवेट सर्विस एप अर्बनक्लैप (अर्बन कंपनी) के सरकारी विकल्प के रूप में देखा जा सकता है। फर्क सिर्फ इतना है कि यहां उपलब्ध टेक्नीशियन सरकारी प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर्ड और वेरिफाइड होते हैं।
इस एप पर यूजर्स को एक ही जगह पर कई तरह की घरेलू सेवाएं मिल जाती हैं, जैसे एसी रिपेयर और सर्विसिंग, आरओ वॉटर प्यरीफायर सर्विस, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिकल रिपेयर, कंप्यूटर और लैपटॉप रिपेयर, घर की सफाई, कारपेंट्री और ब्यूटी व ग्रूमिंग सर्विस। यानी घर से जुड़ी ज्यादातर जरूरतों के लिए अलग-अलग लोगों को ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ती।
ये भी पढ़े: Attention Economy: सोशल मीडिया युवाओं को बना रहा बीमार? अमेरिका में ट्रायल, YouTube-Instagram पर गंभीर आरोप
कैसे करें सेवा मित्र एप पर बुकिंग?
इस एप के जरिए सर्विस बुक करना काफी आसान है। इसके लिए आपको कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे।
1. एप डाउनलोड करें
सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से सेवा मित्र एप डाउनलोड करें।
2. मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें
एप इंस्टॉल करने के बाद अपने मोबाइल नंबर से साइन-अप करें।
3. सर्विस चुनें
होम स्क्रीन पर आपको कई तरह की सर्विसेज दिखाई देंगी। अपनी जरूरत के हिसाब से सर्विस चुनें।
4. तारीख और समय तय करें
अब अपनी सुविधा के अनुसार सर्विस की तारीख और समय सिलेक्ट करें।
5. बुकिंग कंफर्म करें
बुकिंग कंफर्म होने के बाद आपको उस टेक्नीशियन या मैकेनिक की पूरी जानकारी दिखाई देगी, जो सर्विस देने आएगा।
एप की खास बातें
इस प्लेटफॉर्म की कुछ खासियतें इसे दूसरे एप्स से अलग बनाती हैं।
1. वेरिफाइड टेक्नीशियन
एप पर मौजूद हर टेक्नीशियन का पुलिस वेरिफिकेशन और स्किल टेस्ट किया जाता है।
2. खर्च का अनुमान पहले ही
सर्विस बुक करते समय ही आपको संभावित खर्च का अंदाजा एप पर दिख जाता है।
3. कम और पारदर्शी चार्ज
सरकारी पहल होने की वजह से कई मामलों में सर्विस चार्ज प्राइवेट एप्स की तुलना में कम होता है।
ये भी पढ़े: गूगल ला रहा AutoFDO तकनीक: अब Android फोन होंगे तेज, बूट टाइम व एप लॉन्चिंग के साथ जानें क्या होंगे बड़े बदलाव
एक एप, 20 से ज्यादा सुविधाएं
अब आपको अलग-अलग कामों के लिए अलग नंबर रखने की जरूरत नहीं है। इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कुछ प्रमुख सेवाएं:इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स: एसी रिपेयर, आरओ सर्विस, फ्रिज और वाशिंग मशीन की मरम्मत।आईटी सपोर्ट: कंप्यूटर, लैपटॉप और प्रिंटर ठीक कराना।पर्सनल केयर: घर पर ब्यूटी पार्लर और सैलून की सुविधा।अन्य: प्लंबर, कारपेंटर, घर की पूरी सफाई और पेस्ट कंट्रोल।किन लोगों के लिए उपयोगी है यह एप
यह एप खास तौर पर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी है जो शहरों में रहते हैं और अक्सर भरोसेमंद मैकेनिक या टेक्नीशियन ढूंढने में परेशानी का सामना करते हैं।हालांकि ध्यान रखने वाली बात यह है कि यह एप फिलहाल केवल उत्तर प्रदेश में ही काम करता है। यानी राज्य के बाहर रहने वाले लोग इसकी सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर सकते।
एक छोटी कमी भी
यूजर्स की टेस्टिंग में यह भी सामने आया है कि एप का iOS वर्जन अभी पूरी तरह स्मूद नहीं है। ऐसे में फिलहाल इसे एंड्रॉयड फोन पर इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर माना जा रहा है।