असली बैंक जैसी दिखती है ठगों की वेबसाइट: एक छोटी सी गलती से लग सकता है लाखों का चूना, कैसे करें नकली की पहचान?

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Thu, 12 Nov 2026 10:31 PM IST
सार
  • फर्जी बैंक वेबसाइट से लाखों की ठगी।
  • बैंक के नाम पर 27 लाख ठगे।
  • नकली वेबसाइट असली जैसी दिखाई देती हैं।
  • URL देखकर वेबसाइट की पहचान करें।
Fake Bank Websites, 5 Simple Ways Spot Banking Scam
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड

    विस्तार

    आजकल हमारे आधे से ज्यादा काम तो घर बैठे ऑनलाइन ही हो जाते हैं। फिर चाहे वो बैंक के ही काम क्यों न हो। पैसे ट्रांसफर करने हों, बैलेंस चेक करना हो या मोबाइल नंबर और पता अपडेट करना हो, इन कामों के लिए लोग ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आपकी यही सुविधा साइबर ठगों के लिए ठगी का जरिया बनती जा रही है। ठग अब बैंकों जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। हाल ही में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जिसमें साल 2021 में केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर एक शख्स से 27 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने इस मामले में पांच साल बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऐसे में जरूरी है कि आप बैंक की वेबसाइट खोलते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें।

    कैसे होती है फर्जी बैंक वेबसाइट से ठगी?

    • पहले बैंकिंग के काम के लिए बैंक के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब नेट बैंकिंग की मदद से कई जरूरी काम ऑनलाइन हो जाते हैं। इसी सुविधा का फायदा साइबर ठग उठा रहे हैं।
    • आजकल ठग इतने शातिर हो गए हैं कि वे नकली वेबसाइट का डिजाइन, बैंक का लोगो और रंग तक असली वेबसाइट जैसे रखते हैं। ऐसे में पहली नजर में आम यूजर के लिए असली और नकली वेबसाइट में अंतर करना मुश्किल हो जाता है।
    • ठग अक्सर बैंक का नाम लिखकर फर्जी वेबसाइट तैयार करते हैं। जब कोई व्यक्ति गूगल पर अपने बैंक का नाम सर्च करता है, तो कई बार वह अनजाने में नकली वेबसाइट खोल लेता है। इसके बाद वहां अपनी बैंकिंग डिटेल्स डाल देता है और ठगी का शिकार हो जाता है।
    • केनरा बैंक के मामले में भी साल 2021 में इसी तरह फर्जी वेबसाइट बनाकर 27 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में पुलिस ने पांच साल बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    कैसे करें असली और फर्जी की पहचान?

    1. वेबसाइट के URL में देखें HTTPS और ताले का निशान

    • जब भी किसी काम के लिए बैंक की वेबसाइट खोलें, तो सबसे पहले उसके एड्रेस बार यानी URL को ध्यान से देखें। वेबसाइट के पते की शुरुआत HTTPS से होनी चाहिए। इसमें S का मतलब सिक्योर होता है।
    • इसके साथ एड्रेस बार में ताले का निशान भी दिखाई देता है। यह बताता है कि वेबसाइट और आपके ब्राउजर के बीच कनेक्शन एन्क्रिप्टेड है।
    • अगर किसी वेबसाइट के पते में सिर्फ HTTP लिखा है और HTTPS नहीं है, तो वहां अपनी बैंकिंग जानकारी डालने से बचें।
    • हालांकि, एक बात का ध्यान रखें कि सिर्फ HTTPS या ताले का निशान देखकर वेबसाइट को असली नहीं मान लेना चाहिए। फर्जी वेबसाइट भी HTTPS का इस्तेमाल कर सकती हैं। इसलिए बैंक का सही डोमेन भी जरूर जांचें।

    2. बैंक की वेबसाइट के आखिर में देखें .bank.in

    • फर्जी बैंक वेबसाइट से होने वाली ठगी रोकने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने भारतीय बैंकों को .bank.in डोमेन इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है।
    • यह खास डोमेन बैंकिंग क्षेत्र के लिए बनाया गया है। इसका उद्देश्य फर्जी बैंकिंग वेबसाइट और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर रोक लगाना है। इसलिए जब भी आप किसी बैंक की वेबसाइट खोलें, तो उसके वेब एड्रेस के आखिर में आधिकारिक डोमेन जरूर जांचें।
    • अगर वेबसाइट किसी बैंक की बताई जा रही है, लेकिन उसका पता संदिग्ध है या उसमें अलग तरह के शब्द जुड़े हैं, तो वहां अपनी जानकारी न भरें।

    3. वेबसाइट की स्पेलिंग ध्यान से चेक करें

    • अक्सर साइबर ठग लोगों की जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं। वे बैंक की असली वेबसाइट के नाम में बहुत छोटा बदलाव करके नकली वेबसाइट बना देते हैं। जैसे मान लीजिए, अंग्रेजी के छोटे अक्षर 'l' (एल) की जगह बड़ा 'I' (आई) लिख देना। अक्षर 'o' की जगह जीरो '0' का इस्तेमाल करना और बैंक के नाम के आगे ऑनलाइन, केवाईसी या अपडेट जैसे शब्द जोड़ देना।
    • ये बदलाव इतने बारीक और सतर्कता से किए जाते हैं, कि
    • पहली नजर में आसानी से पकड़ में नहीं आते। इसलिए वेबसाइट खोलने से पहले उसके पूरे URL को ध्यान से पढ़ें। केवल बैंक का लोगो या नाम देखकर भरोसा न करें।

    4. Google पर सबसे ऊपर दिखने वाले लिंक से रहें सावधान

    • फर्जी बैंक वेबसाइट तक पहुंचाने के लिए ठग गूगल विज्ञापन का भी सहारा लेते हैं। जब कोई व्यक्ति गूगल पर अपने बैंक का नाम या कस्टमर केयर नंबर सर्च करता है, तो सबसे ऊपर दिखाई देने वाले कुछ रिजल्ट स्पॉन्सर्ड विज्ञापन हो सकते हैं।
    • कई बार ठग पैसे देकर ऐसे विज्ञापन चलाते हैं, जिनमें नकली वेबसाइट का लिंक दिया जाता है। लोग सबसे ऊपर दिखने वाले लिंक को असली समझकर उस पर क्लिक कर देते हैं और ठगी का शिकार हो जाते हैं।
    • इसलिए गूगल पर बैंक का नाम सर्च करते समय स्पॉन्सर्ड लिखे लिंक को देखकर सावधान रहें। जल्दबाजी में किसी भी लिंक पर क्लिक न करें। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट का पता खुद जांचें और उसके बाद ही आगे बढ़ें।

    ऑनलाइन बैंकिंग करते समय किन बातों का रखें ध्यान

    साइबर एक्सपर्ट् कहते हैं कि फर्जी वेबसाइट की पहचान करना मुश्किल नहीं है, बस थोड़ी सावधानी जरूरी है।

    • बैंक की वेबसाइट का सही यूआरएल जांचें।
    • एचटीटीपीएस के साथ डोमेन भी देखें।
    • अनजान लिंक से बैंकिंग वेबसाइट न खोलें।
    • स्पॉन्सर्ड विज्ञापनों पर आंख बंद करके भरोसा न करें।
    • वेबसाइट पर बैंक का लोगो देखकर भरोसा न करें।
    • संदिग्ध वेबसाइट पर बैंकिंग जानकारी न भरें।