यूजर्स डाटा चोरी होने की खबरों से फेसबुक के शेयर लुढ़के

करोड़ों यूजर्स का डाटा चोरी होने की खबरों का असर सोशल मीडिया फर्म फेसबुक के शेयरों पर पड़ा। सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजारों के खुलते ही फेसबुक के शेयरों में तेज गिरावट आई। आरोप है कि साल 2016 में अमेरिका के राष्ट्रपति चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप की मदद करने वाली कंपनी कैम्ब्रिज एनालिटिकल ने फेसबुक के पांच करोड़ से अधिक यूजर्स की निजी जानकारियां चुरा ली थीं।
न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में इन खबरों का जबर्दस्त असर हुआ और फेसबुक का शेयर इंट्राडे कारोबार में लगभग आठ फीसदी टूट गया। हालांकि बाद में कुछ संभलते हुए शेयर सात फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। हालांकि फेसबुक ने इन आरोपों की व्यापक जांच कराने की बात कही है और तब तक कैम्ब्रिट एनालिटिकल को निलंबित कर दिया है। अमेरिका और कई यूरोपीय देशों की सरकारों ने इन खबरों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे के प्रवक्ता ने इन आरोपों को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा, "यह आवश्यक है कि लोगों को ये पक्का भरोसा हो कि उनकी निजी जानकारियां सुरक्षित रखी जाएंगी और इनका इस्तेमाल उचित तरीके से होगा।" अमेरिकी सांसदों ने भी यूजर्स का डाटा चोरी होने के आरोपों पर चिंता जताई है और फेसबुक से उचित कदम उठाने को कहा है।