फोटोग्राफी टिप्स: दिवाली पर लेनी हैं शानदार फोटो? फोन में तुरंत करें पांच बदलाव, आ सकती हैं बेहतरीन तस्वीरें
दिवाली पर घर की सजावट, जगमगाते दीये और आतिशबाजी की खूबसूरती को कैमरे में कैद करना हर किसी को पसंद होता है। लेकिन, सिर्फ फोन का कैमरा अच्छा होना काफी नहीं है। कई बार गलत सेटिंग्स की वजह से रात में तस्वीरें धुंधली आ जाती हैं या फिर दीयों और लाइट्स की तेज रोशनी की वजह से फोटो की डिटेल्स खराब हो जाती हैं। अगर आप भी आज रात दिवाली पर शानदार और प्रोफेशनल जैसी दिखने वाली तस्वीरें क्लिक करना चाहते हैं, तो अपने स्मार्टफोन में ये पांच जरूरी बदलाव जरूर कर लें...

विस्तार
अक्सर लोग दिवाली की रात अपने पलों को कैमरे पर तो कैद कर लेते हैं, लेकिन कई बार बाद में देखने पर पता चलता है कि दीये की रोशनी तो दिख रही है, मगर बाकी तस्वीर धुंधली है। कहीं लाइट्स जरूरत से ज्यादा चमक रही हैं तो कहीं आतिशबाजी की तस्वीर साफ नहीं आई। ऐसे में अच्छा कैमरा फोन होने के साथ उसकी सही सेटिंग्स जानना भी जरूरी है। अगर आप आज रात दिवाली की शानदार फोटो और वीडियो लेना चाहते हैं, तो नीचे बताए गए इन सेटिंग्स में बदलाव जरूर कर लें।
1. सबसे पहले ऑन करें नाइट मोड
- दिवाली की रात कम रोशनी में तस्वीरें खींचने के लिए फोन का नाइट मोड काफी काम आ सकता है। घर की सजावट, रंगोली और जलते दीयों की फोटो लेते समय इस मोड का इस्तेमाल करें। यह कम रोशनी में ज्यादा डिटेल कैप्चर करने में मदद करता है। कुछ फोन में यह विकल्प लाे-लाइट मोड के नाम से भी मिल सकता है।
- ध्यान रखें कि नाइट मोड में फोटो लेते समय फोन को स्थिर रखना जरूरी है। तस्वीर खींचने के दौरान फोन हिलने से फोटो धुंधली हो सकती है। बेहतर नतीजों के लिए फोन को किसी स्थिर जगह पर रखें या ट्राइपॉड का इस्तेमाल करें। चलते हुए लोगों या तेजी से हिलती चीजों की फोटो लेते समय इस मोड में ब्लर आने की आशंका रहती है।
2. प्रो मोड में ISO और शटर स्पीड सेट करें
- इसके अलावा अगर आपके फोन में प्रो या मैनुअल मोड है, तो दिवाली की रात बेहतर तस्वीरें लेने के लिए आईएसओ और शटरस्पीड को खुद एडजस्ट कर सकते हैं। आईएसओ कैमरा सेंसर की रोशनी के प्रति संवेदनशीलता को कंट्रोल करता है। इसे बढ़ाने से फोटो ज्यादा ब्राइट हो सकती है, लेकिन बहुत ज्यादा आईएसओ रखने पर तस्वीर में दानेदारपन यानी नॉइस दिखाई देने लगता है। दीयों और घर की सजावट की फोटो के लिए आईएसओ 100-400 से शुरुआत कर सकते हैं।
- वहीं, शटर स्पीड यह तय करती है कि कैमरा कितनी देर तक रोशनी कैप्चर करेगा। दीयों की स्थिर फोटो के लिए ट्राइपॉड के साथ 1 बाई 4 सेकंड से एक सेकंड तक की शटर स्पीड आजमा सकते हैं। अगर फोन हाथ में पकड़कर फोटो ले रहे हैं, तो बहुत धीमी शटर स्पीड न रखें। इससे तस्वीर धुंधली आ सकती है।
3. तेज रोशनी में एक्सपोजर थोड़ा कम रखें
- दिवाली पर दीये, झालर और एलईड लाइट्स की फोटो लेते समय कई बार उनकी चमक इतनी ज्यादा होती है कि तस्वीर में रोशनी की डिटेल्स गायब हो जाती हैं। इससे बचने के लिए कैमरे में एक्सपोजर को थोड़ा कम कर सकते हैं।
- इसके लिए स्क्रीन पर उस हिस्से पर टैप करें जिसकी फोटो खींचनी है और एक्सपोजर स्लाइडर को थोड़ा नीचे करें। -0.3 से -1 ईवी तक की सेटिंग आजमाकर देखें। इससे तेज रोशनी वाले हिस्सों की डिटेल बचाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, सही सेटिंग आपके फोन और आसपास की रोशनी पर निर्भर करेगी। इसलिए अलग-अलग एक्सपोजर पर दो-तीन तस्वीरें लेकर तुलना करना बेहतर रहेगा।
4. आतिशबाजी की फोटो के लिए बदलें कैमरा सेटिंग्स
- दिवाली की रात आसमान में होने वाली आतिशबाजी की हर कोई फोटो लेता है, अगर आप भी ऐसी शानदार तस्वीर सहेजना चाहते हैं,तो इसके लिए सामान्य कैमरा सेटिंग्स के बजाय प्रो मोड आजमा सकते हैं। इसके लिए फोन को ट्राइपॉड पर लगाएं और ISO 100-200 रखें। शटर स्पीड को 1 बाई 2 से दो सेकंड के बीच सेट करके देखें। इससे आसमान में आतिशबाजी की रोशनी की लकीरें कैप्चर हो सकती हैं।
- इसके साथ फोकस को मैनुअल करके दूर आसमान में हो रही आतिशबाजी पर सेट करें। अगर आपके फोन में प्रो मोड की ये सेटिंग्स नहीं हैं, तो नाइट मोड या लॉन्ग एक्सपोजर मोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। ध्यान रखें कि लंबी शटर स्पीड में फोन का स्थिर रहना बेहद जरूरी है।
5. वीडियो के लिए चुनें 30fps और ऑन रखें स्टेब्लाइजेशन
- दिवाली की सजावट और आतिशबाजी के वीडियो भी बनाना चाहते हैं, तो रिकॉर्डिंग शुरू करने से पहले वीडियो सेटिंग्स देख लें। इसके लिए 4K 30fps या 1080p 30fps से शुरुआत कर सकते हैं। कम रोशनी में 60fps पर वीडियो रिकॉर्ड करने से बचें, क्योंकि इससे हर फ्रेम में कम रोशनी कैप्चर हो सकती है।
- वीडियो बनाते समय एक्सपोजर थोड़ा कम रखें और फोन में ओआईएस या ईआईएस स्टेब्लाइजेशन का विकल्प उपलब्ध हो तो उसका इस्तेमाल करें। इससे हाथ हिलने की वजह से वीडियो में आने वाला कंपन कम करने में मदद मिलती है। डिजिटल जूम करने के बजाय सब्जेक्ट के करीब जाकर वीडियो बनाएं, ताकि उसकी डिटेल्स बेहतर बनी रहें।
फोटो खींचने से पहले एक काम और जरूर करें
कैमरे की सेटिंग्स बदलने के साथ फोन का लेंस साफ करना भी न भूलें। लेंस पर उंगलियों के निशान या धूल होने से रात में दीयों और लाइट्स के आसपास धुंधलापन या फ्लेयर दिखाई दे सकता है। इसलिए फोटो खींचने से पहले लेंस को मुलायम साफ कपड़े से पोंछ लें।