iOS 26.3: आईफोन से एंड्रॉयड में स्विच करना हुआ आसान, 'ट्रांसफर टू एंड्रॉयड' फीचर की मदद से होगा डाटा ट्रांसफर
Transfer to Android:
एपल ने आईओएस 26.3 अपडेट में ट्रांसफर टू एंड्रॉयड नाम का नया फीचर जोड़ा है। इससे आईफोन से एंड्रॉयड फोन में डाटा ट्रांसफर करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने कॉन्टैक्ट्स, फोटो, मैसेज, कॉल हिस्ट्री और कैलेंडर जैसे जरूरी डाटा को आसानी से नए एंड्रॉयड डिवाइस में भेज सकते हैं।

विस्तार
अगर आपके पास आईफोन है तो आप अच्छे से जानते होंगे कि आईओएस (एपल प्लेटफार्म) से एंड्रॉयड (गूगल प्लेटफार्म) में डाटा ट्रांसफर करना कितना बड़ा सिरदर्द है। यही वजह है कि लोग अक्सर आईफोन छोड़कर एंड्रॉयड में जाने से कतराते हैं। क्योंकि उन्हें हमेशा डर लगा रहता है कि उनके वर्षों पुराने फोटो, जरूरी मैसेज और कॉन्टैक्ट्स कहीं खो न जाएं। ऐसे में एपल ने यूजर्स का ध्यान रखते हुए आईओएस 26.3 अपडेट में चुपचाप एक बड़ा बदलाव कर दिया है। कंपनी ने 'ट्रांसफर टू एंड्रॉयड' नाम का एक खास फीचर जोड़ा है जिससे ये प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी। इससे डाटा की झंझट खत्म हो जाएगी क्योंकि आप कॉन्टैक्ट्स, फोटो, मैसेज और कॉल हिस्ट्री जैसे जरूरी डाटा को बिना परेशानी के एंड्रॉयड में भेज पाएंगे। अब यूजर्स को फोन बदलने में असहजता नहीं होगी।
क्या है 'ट्रांसफर टू एंड्रॉयड' फीचर?
एपल में आईओएस 26.3 अपडेट के बाद इस फीचर को शामिल किया गया है। इस नए विकल्प में यूजर्स को अपने कॉन्टैक्ट्स, फोटोज, मैसेज, कैलेंडर और कॉल हिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण डाटा को बिना किसी परेशानी के ट्रांसफर करने की सुविधा देता है। अगर आप भी आईफोन से एंड्रॉयड में जाने की योजना बना रहे हैं तो ये फीचर आपके लिए बड़े काम का हो सकता है।
आईफोन से एंड्रॉयड पर स्विच करना अब नहीं रहा मुश्किल
स्मार्टफोन बदलना सिर्फ तकनीक ही नहीं बल्कि भावनात्मक रूप से बड़ा फैसला होता है। खासकर तब जब आप कई वर्षों से एक ही इकोसिस्टम का इस्तेमाल कर रहे हों। आईफोन से आईफोन में डाटा ट्रांसफर करना हमेशा से आसान रहा है लेकिन आईफोन से एंड्रॉयड में जाना पहले से ही कठिन माना जाता रहा है। हालांकि आईओएस 26.3 के साथ एपल ने इस प्रक्रिया को काफी सरल बना दिया है। यह बदलाव दिखाता है कि अब टेक कंपनियां यूजर्स को ज्यादा विविधता देने की दिशा में भी काम कर रही हैं।