Dark Pattern: क्या है डार्क पैटर्न? जिससे स्विगी, जेप्टो, ब्लिंकिट समेत 26 ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म हुए मुक्त
सरकार ने बताया कि देश की 26 बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों ने खुद घोषणा की है कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह के डार्क पैटर्न का इस्तेमाल नहीं करतीं। डार्क पैटर्न उन भ्रामक डिजाइन तरीकों को कहा जाता है। यह एक तरह की अनुचित व्यापारिक चाल मानी जाती है।

विस्तार
सरकार ने गुरुवार को बताया कि देश की 26 बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों ने खुद घोषणा की है कि वे अपने प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह के डार्क पैटर्न का इस्तेमाल नहीं करतीं। डार्क पैटर्न उन भ्रामक डिजाइन तरीकों को कहा जाता है, जिनका उद्देश्य ग्राहक को गलत फैसले लेने या किसी अनचाही चीज के लिए मजबूर करना होता है। यह एक तरह की अनुचित व्यापारिक चाल मानी जाती है। ऑनलाइन खरीदारी को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार लगातार ऐसे भ्रामक तरीकों पर रोक लगाने की कोशिश कर रही है। जेप्टो, जोमैटो, स्विगी, जियोमार्ट और बिगबास्केट समेत 26 कंपनियों ने गाइडलाइंस फॉर प्रिवेंशन एंड रेगुलेशंस ऑफ डार्क पैटर्न्स, 2023 के तहत अपनी स्व-घोषित रिपोर्ट जमा की है।
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने यह जानकारी एक बयान में दी। डार्क पैटर्न में वे डिजाइन शामिल होते हैं जो उपभोक्ता को भ्रमित या प्रभावित करके उसके हितों के खिलाफ फैसला करवाते हैं। इनमें ड्रिप प्राइसिंग, छिपे हुए विज्ञापन, फर्जी तात्कालिकता, बाइट-एंड-स्विच जैसे कई तरीके शामिल हैं। विभाग ने कहा कि इन कंपनियों की स्व-घोषित, डिजिटल मार्केटप्लेस में उपभोक्ता सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। कंपनियों ने आंतरिक या थर्ड-पार्टी ऑडिट कर अपने प्लेटफॉर्म पर ऐसे सभी भ्रामक तरीकों की पहचान की और उन्हें हटाया।
विभाग ने साफ कहा कि "सभी 26 कंपनियों ने बताया है कि उनके प्लेटफॉर्म डार्क पैटर्न से पूरी तरह हट चुके हैं और किसी भी तरह के भ्रामक यूजर इंटरफेस का इस्तेमाल नहीं करते"। सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) को उम्मीद है कि इससे अन्य कंपनियां भी इसी तरह का स्व-नियमन का पालन करेंगी। डार्क पैटर्न्स रूल्स 2023 में कुल 13 भ्रामक तकनीकों जैसे फर्जी तात्कालिकता, बास्केट स्नीकिंग, कंफर्म शेमिंग, फोर्स्ड एक्शन, सब्सक्रिप्शन ट्रैप, इंटरफेस हस्तक्षेप, बैट एंड स्विच, ड्रिप प्राइजिंग, डिसगाइज्ड एड्स, नैगिंग, ट्रिक वर्डिंग, SaaS बिलिंग और रॉग मैलवेयर पर प्रतिबंध है।
जिन प्रमुख कंपनियों ने कहा कि उनके प्लेटफॉर्म डार्क पैटर्न से मुक्त हैं-
- फार्मईजी
- जेप्टो मार्केटप्लेस
- फ्लिपकार्ट
- मिंत्रा
- वॉलमार्ट इंडिया
- मेक माय ट्रिप
- बिगबास्केट
- जियोमार्ट
जिन कंपनियों ने ऑडिट कर डार्क पैटर्न हटाने की पुष्टि की है-
- जोमैटो
- स्विगी
- ब्लिंकिट
- पेज इंडस्ट्रीज
- विलियम पेन
- क्लियरट्रिप
- रिलायंस ज्वेल्स
- रिलायंस डिजिटल
- नेटमेड्स
- टाटा 1mg
- मीशो
- इक्सिगो
- मिलबास्केट
- हेमलीज
- एजियो
- टीरा ब्यूटी
- ड्यूरोफ्लेक्स
- क्यूरेडेन इंडिया