YouTube Shorts: सीधे एआई से बना सकते हैं वीडियो, आप नहीं जानते होंगे इसके बारे में
कंपनी के अनुसार, यह फीचर उन क्रिएटर्स की मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है जो ऐसे वीडियो फुटेज बनाना चाहते हैं, जिन्हें आसानी से ढूंढा नहीं जा सकता। यह टूल एक टेक्स्ट-टू-वीडियो जनरेटर है, जिसमें यूजर्स केवल टेक्स्ट के रूप में अपनी आवश्यकता दर्ज कर सकते हैं

विस्तार
YouTube Shorts अब Veo 2 AI मॉडल को सपोर्ट कर रहा है लेकिन इसके बारे में बहुत ही कम लोगों को जानकारी है। इस फीचर को कुछ दिन पहले ही लॉन्च किया गया है। वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने घोषणा की कि गूगल के Veo 2 AI मॉडल को अब Dream Screen फीचर के साथ इंटीग्रेट किया जा रहा है। इस नए वीडियो जनरेशन मॉडल से अब यूजर्स स्टैंडअलोन AI-जनरेटेड वीडियो बना सकेंगे। कंपनी के अनुसार, यह टूल उन वीडियो फुटेज को जोड़ने में मदद करेगा जो आसानी से उपलब्ध नहीं होते या कल्पनाओं को हकीकत में बदलने के लिए उपयोग किए जा सकते हैं। गौरतलब है कि पहले Dream Screen केवल बैकग्राउंड वीडियो जोड़ने की सुविधा देता था।
एक ब्लॉग पोस्ट में YouTube ने बताया कि वह Google DeepMind के नवीनतम वीडियो जनरेशन मॉडल Veo 2 को Dream Screen के साथ इंटीग्रेट कर रहा है। इस नई सुविधा से यूजर्स स्टैंडअलोन वीडियो बना सकेंगे, जिन्हें Shorts में उपयोग किया जा सकता है। बता दें कि YouTube Shorts एक शॉर्ट-फॉर्मेट वर्टिकल स्क्रॉलिंग वीडियो इंटरफेस है, जिसे कंपनी ने 2020 में लॉन्च किया था।
कंपनी के अनुसार, यह फीचर उन क्रिएटर्स की मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है जो ऐसे वीडियो फुटेज बनाना चाहते हैं, जिन्हें आसानी से ढूंढा नहीं जा सकता। यह टूल एक टेक्स्ट-टू-वीडियो जनरेटर है, जिसमें यूजर्स केवल टेक्स्ट के रूप में अपनी आवश्यकता दर्ज कर सकते हैं और Veo 2 AI मॉडल उसे वीडियो के रूप में तैयार कर देगा।