Youtube: यूट्यूब ने लॉन्च किया नया फीचर; अब बेवजह शॉर्ट्स स्क्रॉलिंग से मिलेगी छुट्टी, जानिए कैसे करेगा काम?
यूट्यूब ने नया टाइमर फीचर लॉन्च किया है जो शॉर्ट्स स्क्रॉलिंग को तय समय के बाद ब्रेक का रिमाइंडर देकर रोक देगा, जिससे शॉर्ट्स पर बेवजह समय बर्बाद नहीं होगा। जानें कैसे काम करेगा यह फीचर।

विस्तार
अगर आप भी यूट्यूब शॉर्ट्स देखते-देखते घंटों का वक्त बर्बाद कर देते हैं, तो अब आपको राहत मिलने वाली है। यूट्यूब ने यूजर्स की इस आदत पर लगाम लगाने के लिए एक नया ‘टाइमर ’ फीचर पेश किया है, जो यूजर्स को तय समय के बाद शॉर्ट्स स्क्रॉल करने से रोक देगा।
क्या है यूट्यूब का ‘टाइमर ’ फीचर?
यूट्यूब का नया टाइमर फीचर यूजर्स को यह सुविधा देता है कि वे अपने लिए एक दैनिक समय सीमा (डेली टाइम लिमिट) तय कर सकें। उदाहरण के लिए, अगर आपने दिनभर में 30 मिनट का टाइम लिमिट सेट किया है तो उस सीमा के बाद यूट्यूब शॉर्ट्स अपने-आप रुक जाएंगे। जैसे ही तय समय पूरा होता है, स्क्रीन पर एक पॉप-अप नोटिफिकेशन दिखाई देगा जिसमें बताया जाएगा कि आपकी शॉर्ट्स स्क्रॉलिंग दिन के लिए पॉज (Pause) कर दी गई है। यूजर चाहे तो उस अलर्ट को डिसमिस (Dismiss) कर आगे स्क्रॉल जारी रख सकता है, लेकिन यह रिमाइंडर आपको यह सोचने पर मजबूर करेगा कि आपने कितना समय कंटेंट देखने में खर्च किया।
जल्द जोड़ा जाएगा पैरेंटल कंट्रोल
फिलहाल यह फीचर केवल यूजर्स के लिए है और पैरेंटल कंट्रोल से लिंक नहीं किया गया है। इसका मतलब है कि माता-पिता अभी अपने बच्चों के शॉर्ट्स देखने की समय सीमा तय नहीं कर सकते। हालांकि, यूट्यूब ने पुष्टि की है कि साल के अंत तक यह फीचर पैरेंटल कंट्रोल में भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद माता-पिता अपने बच्चों के अकाउंट से शॉर्ट्स का समय तय कर पाएंगे, और सीमा पूरी होने पर दिखने वाला अलर्ट हटाया नहीं जा सकेगा (Non-Dismissible)।
क्यों जरूरी है यह फीचर?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को लंबे समय से ‘एंडलेस स्क्रोल’ डिजाइन के लिए आलोचना झेलनी पड़ी है। यूजर्स बिना सोचे-समझे वीडियो देखते रहते हैं, जिससे मानसिक थकान, एंजाइटी, और अटेंशन स्पैन में कमी जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। रिसर्च के अनुसार, यह आदत दिमाग के रिवॉर्ड सिस्टम को भी प्रभावित करती है, जिससे व्यक्ति को बार-बार अगला वीडियो देखने की इच्छा होती है — इसे ही 'डूमस्क्रोलिंग' कहा जाता है। यूट्यूब का नया टाइमर फीचर इसी समस्या को कम करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
पहले भी पेश कर चुका है “टेक ए ब्रेक” फीचर
यह पहली बार नहीं है जब यूट्यूब ने यूजर्स के स्क्रीन टाइम को मैनेज करने की कोशिश की हो। कंपनी पहले भी “टेक ए ब्रेक” नाम का फीचर पेश कर चुकी है, जो हर 15, 30, 60 या 90 मिनट बाद यूजर्स को ब्रेक लेने की याद दिलाता है। यह रिमाइंडर यूजर चाहे तो बंद कर सकता है या एप से बाहर निकलकर थोड़ा आराम ले सकता है।
कब मिलेगा नया फीचर?
यूट्यूब का टाइमर फीचर फिलहाल मोबाइल एप पर उपलब्ध कराया जा रहा है और कंपनी इसे आने वाले हफ्तों में धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक रोलआउट करेगी।
यूट्यूब का नया टाइमर फीचर उन लोगों के लिए खास है जो रोजाना घंटों तक शॉर्ट्स स्क्रॉल करते रहते हैं। अब इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने स्क्रीन टाइम पर नियंत्रण रख सकेंगे और बिना जरूरत के “एंडलेस स्क्रोलिंग” से बच पाएंगे। यह फीचर न सिर्फ डिजिटल वेलनेस को बढ़ावा देगा बल्कि यूजर्स को मानसिक रूप से अधिक संतुलित रहने में भी मदद करेगा।