मोबाइल नेटवर्क की ऑनलाइन मिलेगी जानकारी, ट्राई ने शुरू की नई वेबसाइट

टेक डेस्क, अमर उजाला
Wed, 13 Jun 2018 04:15 PM IST
You can track mobile network online, TRAI launched a new website
angry mobile user

    घर या कार्यालय के आसपास किस सेवा प्रदाता कंपनी का मोबाइल नेटवर्क सही आता है, इस हकीकत को जल्द महज एक क्लिक से आप जान सकेंगे। दूरसंचार नियामक ट्राई ने ग्राहकों को क्षेत्रवार नेटवर्क की जानकारी देने को नई वेबसाइट शुरू की है। उसने नेटवर्क जांच के लिए दिल्ली-एनसीआर और मध्य प्रदेश में इसका ट्रायल शुरू कर दिया है। साथ ही अगले दो माह में सभी सर्किलों पर यह सुविधा लोगों को देने का लक्ष्य तय किया है।

    ट्राई के पास लगातार सबसे ज्यादा शिकायतें सेवा प्रदाता कंपनियों का नेटवर्क गायब होने की आती है। हरेक क्षेत्र में अलग-अलग कंपनी का नेटवर्क कवरेज मजबूत है। नियामक ने इस मुश्किल से ग्राहकों को निजात दिलाने के लिए संबंधित क्षेत्र में बेहतर नेटवर्क की जानकारी देने का निर्णय लिया। विभिन्न स्तरों पर राय-मशविरा करने के बाद ट्राई ने ऑनलाइन यह जानकारी मुहैया कराने पर कदम बढ़ाया। नियामक द्वारा तैयार कराई गई नई वेबसाइट में ग्राहकों को उनके क्षेत्र में सेवा प्रदाता कंपनियों के नेटवर्क का हाल मिल सकेगा। ट्राई की ओर से दिल्ली-एनसीआर और मध्य प्रदेश में शुरू किए गए ट्रायल को प्राथमिक स्तर पर सफलता मिल गई है। माना जा रहा है कि ट्रायल पर अंतिम रिपोर्ट आने के बाद यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से 21 सर्कल में शुरू की जाएगी।

    ग्राहक अच्छा सेवा प्रदाता चुनने में होंगे सक्षम

    दूरसंचार नियामक के एक अधिकारी के मुताबिक हमारा प्रयास है कि दो माह के भीतर इस व्यवस्था को पूरे देश में लागू कर दिया जाए। इसके जरिए लोग ऑनलाइन (www.coveragemap.trai.gov.in) आसानी से यह जान सकेंगे कि उनके क्षेत्र में 2जी, 3जी और 4जी का नेटवर्क कितना बेहतर है। वाइस या डाटा कवरेज की क्या स्थिति है। घर के अंदर या बाहर कैसे सिग्नल आते हैं, यह जानकारी तक हासिल की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि मैप पर आपका क्षेत्र दिखेगा और अगर वह हरा हुआ तो स्पष्ट है कि नेटवर्क कवरेज बेहतर है। जबकि लाल होने की स्थिति में ग्राहक संबंधित सेवा प्रदाता को छोड़ कर दूसरी कंपनी का सिम प्रयोग कर सकेगा। यह व्यवस्था नेटवर्क कवरेज के हिसाब से लोगों को अच्छा सेवा प्रदाता चुनने का विकल्प मुहैया कराएगी।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें