Yahoo की समाचार वेबसाइट भारत में हुई बंद, नई FDI पॉलिसी बनी मुसीबत
याहू न्यूज के बंद होने से याहू क्रिकेट, फाइलेंस, इंटरटेनमेंट और मेकर्स इंडिया आदि प्रभावित होंगे। बता दें कि अमेरिकी टेक और टेलीकॉम कंपनी वेरिजॉन ने 2017 में याहू का अधिग्रहण किया था। कंपनी ने वेबसाइट के जरिए यूजर्स को धन्यवाद दिया है

विस्तार
Yahoo ने अपनी न्यूज वेबसाइट को भारत में बंद कर दिया है। याहू न्यूज के भारत में बंद होने के पीछे की वजह नई फॉरेन डायरेक्ट इंवेस्टमेंट (एफडीआई) पॉलिसी बताई जा रही है। याहू वेबसाइट ने अपने यूजर्स को एक नोटिफिकेशन भी दिया है जिसमें लिखा है कि 26 अगस्त, 2021 से Yahoo India अब कंटेंट पब्लिश नहीं करेगा, हालांकि Yahoo अकाउंट, मेल और सर्च एक्सपीरियंस किसी भी तरह से प्रभावित नहीं होंगे।
याहू न्यूज के बंद होने से याहू क्रिकेट, फाइलेंस, इंटरटेनमेंट और मेकर्स इंडिया आदि प्रभावित होंगे। बता दें कि अमेरिकी टेक और टेलीकॉम कंपनी वेरिजॉन ने 2017 में याहू का अधिग्रहण किया था। कंपनी ने वेबसाइट के जरिए यूजर्स को धन्यवाद दिया है और कहा है कि 20 साल का सफर शानदार रहा। नए एफडीआई नियम अक्तूबर से लागू हो रहे हैं।
दरअसल डिजिटल न्यूज मीडिया आउटलेट्स में 26 फीसदी से अधिक की विदेशी फंडिंग को सीमित करने वाले नियमों में बदलाव हुआ है जिसके बाद वेरिजॉन ने भारत में न्यूज सेक्शन को बंद करने का फैसला लिया है। इसके अलावा याहू न्यूज पर नए आईटी नियम भी लागू होते हैं जिसके तहत कंपनी को बहुत ही कम समय में एक पूरी टीम तैयार करने होगी और हर महीने सरकार को रिपोर्ट देनी होगी।