याहू के 50 करोड़ यूजर्स के अकांउट हैक, ऑनलाइन की दुनिया में मचा हड़कंप

इंटरनेट कंपनी याहू के 50 करोड यूजर्स के अकाउंट हैक होने के बाद ऑनलाइन की दुनिया में हडकंप-सा मच गया है। याहू अब दुनिया की पसंदीदा मेल सर्विस में से एक नहीं रह गया है। लेकिन कई लोगों के बारे में तरह तरह की जानकारी ऑनलाइन स्टोर होने की वजह से इन जानकारियों के हैकरों के हाथ पडने का खतरा बन जाता है।
अगर हैक हुए अकाउंट में आपका भी ईमेल अकाउंट शामिल है और आपको याहू से इस बारे में ईमेल आया है तो कुछ कदम तुरंत और जरूर उठाइए। सबसे पहले अपने अकाउंट का पासवर्ड बदल दीजिये। उसे बहुत मजबूत बना दीजिये। पासवर्ड में शब्द, संख्या और विशेष करैक्टर का भी इस्तेमाल कीजिए।
संभव है कि ऐसा करने से आपका पासवर्ड पहले से थोडा बडा हो जाए और हर बार लॉग इन करने में थोडी परेशानी हो। लेकिन ये आपकी सुरक्षा के लिए बढिया होगा। सीएनएन मनी ने इस बारे में लोगों के लिए कई हिदायतें बतायी हैं। उनके अनुसार किसी भी पासवर्ड को दोबारा नहीं इस्तेमाल करना चाहिए।
इस रिपोर्ट की अगर मानें तो अपने अकाउंट से जुडी सिक्योरिटी के सवाल को भी बदल देना चाहिए। अगर ये अकाउंट हैक हुआ है तो हैकरों के पास ये जानकारी होगी। इसलिए इन्हें बदलना जरूरी है। हैकर कई बार एक अकाउंट से ली गयी जानकारी दूसरी जगह इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। अगर वही सिक्योरिटी के सवाल दूसरे अकाउंट में भी इस्तेमाल किये गए हैं तो उन्हें भी बदल देना ऑनलाइन सुरक्षा के लिए बहुत बढिया होगा।
मार्केटवाच के अनुसार टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन को आजकल बहुत सुरक्षित माना जाता है। याहू अब लोगों को अपने अकाउंट में लॉग-इन करने के लिए टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन के इस्तेमाल का सुझाव दे रहा है।
टू फैक्टर ऑथेंटिकेशन में लॉग-इन करने पर किसी के भी मोबाइल फोन पर एक कोड आता है। जब तक उस कोड को वेबसाइट पर एंटर नहीं करेंगे, आप अपने अकाउंट में लॉग-इन नहीं कर सकते।