Xiaomi और Leica की हुई साझेदारी, Xiaomi 12 Ultra में मिलेगा शानदार कैमरा
OnePlus और Oppo ने भी स्वीडन की फोटोग्राफी कंपनी Hasselblad के साथ OnePlus 10 Pro और Oppo Find X5 जैसी स्मार्टफोन सीरीज के लिए साझेदारी की है।

विस्तार
Xiaomi ने जर्मनी कैमरा मेकर कंपनी Leica के साथ साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत पहला स्मार्टफोन अगले महीने लॉन्च होगा। इससे पहले Leica ने Huawei, Panasonic, Nokia और Sharp जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की है। OnePlus और Oppo ने भी स्वीडन की फोटोग्राफी कंपनी Hasselblad के साथ OnePlus 10 Pro और Oppo Find X5 जैसी स्मार्टफोन सीरीज के लिए साझेदारी की है। कहा जा रहा है कि Leica ब्रांड के साथ शाओमी का पहला फोन Xiaomi 12 Ultra के तौर पर लॉन्च होगा।
इस साझेदारी पर शाओमी का कहना है कि दोनों कंपनियां मोबाइल इमेजिंग के बारे में समान विचार साझा करती हैं और अत्यधिक तकनीकी सफलताओं के जरिए मोबाइल इमेजिंग युग में ऑप्टिकल प्रदर्शन और फोटोग्राफिक अनुभव को लगातार तलाशने के लिए उत्सुक हैं। Xiaomi के सीईओ लेई जून ने कहा कि यह साझेदारी Xiaomi की इमेजिंग रणनीति को एक मजबूत बढ़ावा देगी।
Leica के सीईओ मैथियास हर्ष ने कहा, "हम आश्वस्त हैं कि पहला संयुक्त रूप से विकसित इमेजिंग फ्लैगशिप स्मार्टफोन दोनों कंपनियों की अग्रणी प्रगति को बेस्ट बनाएगा। हम उपभोक्ताओं को मोबाइल फोटोग्राफी के क्षेत्र में असाधारण पिक्चर क्वॉलिटी और क्लासिक Leica इफेक्ट के साथ मोबाइल के एक नए युग की शुरुआत करेंगे।"
Xiaomi 12 Ultra के संभावित फीचर्स
लीक रिपोर्ट के मुताबिक Xiaomi 12 Ultra में स्नैपड्रैगन 8+ Gen 1 प्रोसेसर मिलेगा। इसके अलावा इस फोन में 120W की फास्ट चार्जिंग मिलेगी। शाओमी के इस फोन को 6.6 इंच की डिस्प्ले और 4860mAh की बैटरी के साथ पेश किया जा सकता है। फोन में Sony IMX989 प्राइमरी सेंसर के तौर पर मिल सकता है।