शॉओमी 18 प्रो भारत में होगा लॉन्च: दो स्क्रीन और 200MP कैमरे से होगा लैस, प्रोसेसर भी होगा दमदार; जानें डिटेल
Xiaomi 18 Pro India Launch Confirmed: शाओमी इंडिया ने अफवाहों पर ब्रेक लगाते हुए भारत में अपने अपकमिंग फ्लैगशिप Xiaomi 18 Pro की लॉन्चिंग कन्फर्म कर दी है। इस प्रीमियम स्मार्टफोन में सिर्फ सामने ही नहीं, बल्कि पीछे भी एक अलग स्क्रीन मिलेगी। इसके अलावा 200MP के दो कैमरे और क्वालकॉम का नया स्नैपड्रैगन चिपसेट भी खास हो सकते हैं। इस फोन की कीमत 1 लाख रुपये के आसपास रहने की उम्मीद है।

विस्तार
भारतीय स्मार्टफोन बाजार में प्रीमियम फोन्स की रेस अब और भी दिलचस्प होने वाली है। टेक दिग्गज शाओमी (Xiaomi) ने ऑफिशियल तौर पर कन्फर्म कर दिया है कि उसका लेटेस्ट और सबसे पावरफुल फ्लैगशिप फोन Xiaomi 18 Pro जल्द ही भारत में लॉन्च होगा। कंपनी ने हाल ही में दिल्ली में आयोजित इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 के मंच पर इस स्मार्टफोन की झलक दिखाई। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसका डुअल-डिस्प्ले (आगे और पीछे स्क्रीन) डिजाइन और लेटेस्ट प्रोसेसर है, जो इसे बाकी स्मार्टफोन्स से बिल्कुल अलग और खास बनाता है।
अगर आप एक ऐसा फोन ढूंढ रहे हैं जो डिजाइन, कैमरा और परफॉर्मेंस में टॉप क्लास हो, तो Xiaomi 18 Pro आपका इंतजार खत्म कर सकता है। आइए जानते हैं इस अपकमिंग प्रीमियम फोन के संभावित फीचर्स और कीमत के बारे में।
शाओमी 18 प्रो में मिलेंगी दो स्क्रीन
शाओमी 18 प्रो की सबसे बड़ी खासियत इसका डुअल डिस्प्ले डिजाइन है। फोन के फ्रंट में 6.4 इंच की स्क्रीन दी गई है, जबकि रियर कैमरा मॉड्यूल के बगल में 2.7 इंच का सेकेंडरी डिस्प्ले मिलता है। इस छोटी स्क्रीन पर नोटिफिकेशन, विजेट और दूसरी जरूरी जानकारी देखी जा सकती है। इससे यूजर्स को हर बार फोन की मेन स्क्रीन ऑन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फोन के चीनी वेरिएंट में 1.5K LTPO AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। पीछे मौजूद छोटी स्क्रीन में भी 120Hz रिफ्रेश रेट मिलने की जानकारी है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि भारतीय मॉडल में भी यही डिस्प्ले स्पेसिफिकेशन मिलेंगे या नहीं।
स्नैपड्रैगन के नए चिपसेट से लैस होगा फोन
शाओमी ने पुष्टि की है कि भारत में आने वाले शाओमी 18 प्रो में क्वालकॉम की स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 6 सीरीज का प्रोसेसर मिलेगा। इससे फोन में गेमिंग, मल्टीटास्किंग और हैवी एप्स चलाने के दौरान बेहतर परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद है। यह चिपसेट एआई आधारित फीचर्स को भी सपोर्ट कर सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी भारतीय वेरिएंट के प्रोसेसर का सटीक नाम और बाकी हार्डवेयर की पूरी जानकारी साझा नहीं की है।
200MP के दो रियर कैमरे मिलने की उम्मीद
कैमरा भी शाओमी 18 प्रो का बड़ा आकर्षण हो सकता है। इसके चीनी वेरिएंट में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा, 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 50MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 50MP का फ्रंट कैमरा भी मिलता है।
अगर भारतीय मॉडल में भी यही कैमरा सेटअप मिलता है, तो यह फोन हाई-रेजोल्यूशन फोटोग्राफी और दूर की चीजों की तस्वीरें लेने के मामले में प्रीमियम स्मार्टफोन खरीदने वालों को आकर्षित कर सकता है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल के कैमरा स्पेसिफिकेशंस को ऑफिशियली कन्फर्म नहीं किया गया है।
शाओमी 18 प्रो की कीमत कितनी होगी?
शाओमी ने भारत में फोन की कीमत और लॉन्च की तारीख का खुलासा नहीं किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में शाओमी 18 प्रो की कीमत 95,000 रुपये से 1 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
चीन में इस फोन की शुरुआती कीमत 5,999 चीनी युआन है, जो भारतीय करेंसी में करीब 86,000 रुपये बैठती है। हालांकि, टैक्स, इंपोर्ट लागत और भारत में पेश किए जाने वाले वेरिएंट के आधार पर इसकी कीमत अलग हो सकती है।
प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में होगी टक्कर
डुअल डिस्प्ले, हाई-रेजोल्यूशन कैमरे और फ्लैगशिप प्रोसेसर के साथ शाओमी 18 प्रो भारतीय प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेगा। हालांकि, इसकी असली तस्वीर भारत में लॉन्च के समय सामने आएगी, जब कंपनी कीमत, पूरे स्पेसिफिकेशन और उपलब्धता की जानकारी देगी।
- एआई एजेंट की खतरनाक करतूत: सरकारी वेबसाइट पर भरे 20 फर्जी वीजा फॉर्म, मर्डर केस में पुलिस को दी झूठी रिपोर्ट
- भरोसेमंद एआई वही जिसके बारे में कम सोचना पड़े: सत्य नडेला बोले- मॉडल को 'खतरे' की तरह देखें, न दें खुली छूट
- एपल ने सख्त किए सेफ्टी नियम: नहीं खुलेंगी एडल्ट साइट्स, डिवाइस उम्र की पहचान कर खुद ब्लॉक करेगा अश्लील कंटेंट
- 200एमपी कैमरा, 2एनएम प्रोसेसर और 7 साल के अपडेट: भारत में जल्द लॉन्च होगा मोटोरोला का धाकड़ फोन, जानें कीमत