X का बड़ा अपडेट: नया फीचर लगाएगा फेक अकाउंट्स पर लगाम, अब नहीं छिपा पाएंगे असली लोकेशन
X New Transparency Feature:
एलन मस्क के प्लेटफॉर्म X ने यूज़र प्रोफाइल पर एक नया ट्रांसपेरेंसी टूल जारी किया है। नया फीचर अकाउंट की लोकेशन से लेकर यूज़रनेम बदलने की इतिहास तक कई अहम जानकारियां दिखाएगा। इसका मकसद फेक प्रोफाइल, बॉट्स और गलत सूचना फैलाने वाले अकाउंट्स की पहचान आसान बनाना है।

विस्तार
एलन मस्क के प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) ने यूजर प्रोफाइल पर एक नया ट्रांसपेरेंसी फीचर जारी करना शुरू कर दिया है। इस नए फीचर का उद्देश्य फेक अकाउंट्स, बॉट्स और गलत सूचना फैलाने वाले प्रोफाइल्स की पहचान आसान बनाना है। “About This Account” नाम का यह फीचर अकाउंट के इतिहास और उसकी वास्तविक लोकेशन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विवरण दिखाता है, जिससे यूजर्स अकाउंट की विश्वसनीयता को बेहतर तरीके से समझ सकें।
यह भी पढ़ें: सत्य नडेला ने AI को लेकर कर्मचारियों को चेताया, बोले- नए सिरे से नहीं सोचे तो...
यूजर्स को अपडेट में क्या मिलेगा?
इस फीचर के तहत यूजर्स को प्रोफाइल में कई अहम जानकारियां मिलेंगी, जिनमें अकाउंट का बेस लोकेशन, अकाउंट क्रिएट करने का डेट और यूजरनेम कितनी बार बदला गया जैसी जानकारियां दिखेंगी। इसके साथ ही यूजर ने एप को Apple App Store या Google Play Store से डाउनलोड किया है, इसकी भी जानकारी मिलेगी। यह फीचर खास तौर पर तब उपयोगी है जब कोई अकाउंट अपनी असली लोकेशन छिपाकर अलग पहचान बनाने की कोशिश करता है। यानी अब पता चल पाएगी कि X अकाउंट चलाने वाला शख्स किस देश का है।

X ने इस फीचर का पहला सार्वजनिक संकेत अक्टूबर में दिया था। कंपनी के प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने बताया कि इसे सबसे पहले उनके और X कर्मचारियों के प्रोफाइल पर टेस्ट किया गया है। उनका उद्देश्य था कि यूजर्स को इतना कॉन्टेक्स्ट मिल सके कि वे आसानी से समझ सकें कि कोई अकाउंट असली है या भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
नए फीचर का रोलआउट शुरू
पिछले कुछ दिनों में कई यूजर्स ने नोट किया कि यह फीचर उनके प्रोफाइल पर दिखाई देने लगा है। वेब और मोबाइल एप में प्रोफाइल पर “Joined” डेट पर टैप करते ही एक नया पैनल खुलता है, जिसमें पूरा अकाउंट इतिहास दिखता है। हालांकि TechCrunch के अनुसार, अभी अधिकांश मामलों में यूजर्स केवल अपना ही डेटा देख पा रहे हैं, लेकिन दूसरे अकाउंट्स की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। यह माना जा रहा है कि X यूजर्स को पहले अपने डेटा को वेरिफाई करने और प्राइवेसी सेटिंग्स एडजस्ट करने का समय दे रहा है।
लोकेशन शेयरिंग पर यूजर्स को मिलेगा अधिक नियंत्रण
X ने सेटिंग्स में एक नया विकल्प भी जोड़ा है, जिसके तहत यूजर्स चुन सकते हैं कि वे अपनी सटीक लोकेशन दिखाना चाहते हैं या सिर्फ देश/रीजन जैसी व्यापक जानकारी। यह विकल्प Privacy & Safety सेक्शन में उपलब्ध है। ट्रांसपेरेंसी के मामले में इंस्टाग्राम पहले से ऐसी सुविधा देता है और अब X भी इसी दिशा में नया कदम उठा रहा है।