IBM Simon: आधा किलो वजन और 1 घंटे का बैटरी बैकअप, जानिए दुनिया के पहले स्मार्टफोन की दिलचस्प दास्तां

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Wed, 26 Feb 2025 02:28 PM IST
सार

World's First Smartphone:

दुनिया का पहला स्मार्टफोन सिर्फ कॉलिंग और मैसेजिंग तक सीमित नहीं था, बल्कि यह पहला ऐसा मोबाइल डिवाइस था जिसमें टचस्क्रीन, एप्स और कई स्मार्ट फीचर्स दिए गए थे।

World's First Smartphone IBM Simon Having 500 gm weight and on hour of battery backup
IBM Simon - फोटो : माइक्रोसॉफ्ट कलेक्शन

    विस्तार

    आज स्मार्टफोन से हम घर बैठे खाना ऑर्डर करने से लेकर फ्लाइट की टिकट तक बुक कर रहे हैं। चाहे लाइव क्रिकेट देखना हो या कोई डॉक्यूमेंट तैयार करना हो, आज स्मार्टफोन में आप लगभग वह सारे काम कर सकते हैं जिसके लिए आपको पहले टीवी और कम्प्यूटर की जरूरत होती थी। लेकिन आपका स्मार्टफोन इतना स्मार्ट कैसे हो पाया, क्या आपके मन में कभी यह ख्याल आया है?

    आज वह स्मार्टफोन जिसका हम इस्तेमाल करते हैं, उसकी शुरुआत 1994 में ही हो गई थी। यहां हम आपको दुनिया के पहले स्मार्टफोन IBM Simon Personal Communicator (आईबीएम साइमन) के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसने मोबाइल फोन और पर्सनल डिजिटल असिस्टेंट (PDA) की क्षमताओं को एक डिवाइस में जोड़ा था। इस फोन ने स्मार्टफोन युग की नींव रखी और आने वाली पीढ़ियों के लिए नई टेक्नोलॉजी का रास्ता तैयार किया।

    1994 में लॉन्च हुआ दुनिया का पहला स्मार्टफोन

    इस स्मार्टफोन में मिलता था स्टाइलस
    इस स्मार्टफोन में मिलता था स्टाइलस - फोटो : Microsoft Collection

    आईबीएम साइमन को पहली बार 1992 में COMDEX ट्रेड शो में पेश किया गया था। इसे IBM और BellSouth ने मिलकर बनाया था। हालांकि, इसे आधिकारिक रूप से 16 अगस्त 1994 को लॉन्च किया गया, जिसके बाद इसकी बिक्री अमेरिका में शुरू हो गई थी। यह फोन उस समय के लिए एक क्रांतिकारी इनोवेशन था, जिसने मोबाइल टेक्नोलॉजी को पूरी तरह बदल दिया।

    क्या था खास IBM Simon में?

    इसमें प्री-इंस्टॉल्ड एप्स मौजूद थे
    इसमें प्री-इंस्टॉल्ड एप्स मौजूद थे - फोटो : Microsoft Collection

    आईबीएम साइमन सिर्फ कॉलिंग और मैसेजिंग तक सीमित नहीं था, बल्कि यह पहला ऐसा मोबाइल डिवाइस था जिसमें टचस्क्रीन थी और कई स्मार्ट फीचर्स दिए गए थे। इसमें आज के Samsung Galaxy S23 अल्ट्रा में मिलने वाले पेन की तरह एक स्टाइलस का भी सपोर्ट था, जिससे यूजर्स स्क्रीन पर लिख सकते थे।

    इसमें इसमें 4.5-इंच की मोनोक्रोम टचस्क्रीन LCD स्क्रीन थी, जिसमें स्टाइलस का उपयोग किया जा सकता था। इससे न सिर्फ कॉल किया जा सकता था, बल्कि इसमें ईमेल और फैक्स भेजने की सुविधा भी दी गई थी। इसमें एड्रेस बुक, कैलेंडर, नोटपैड और कैलकुलेटर जैसी कई प्री-इंस्टॉल्ड एप्स मौजूद थीं। यह फोन इंटरनेट कनेक्टिविटी के साथ आता था, जो उस समय के लिए एक नई चीज थी। हालांकि, इसकी बैटरी लाइफ काफी कम थी। यह सिर्फ 1 घंटे का टॉक टाइम देता था, जो आज के स्मार्टफोन्स की तुलना में बेहद कम है।