शॉपिंग में धोखा: महिला ने खरीदा 1.5 लाख रुपये का iPhone 13 Pro Max, बॉक्स में मिला साबुन
कुछ महीने पहले भारत में ऐसा ही हुआ था। कर्नाटक के एक शख्स ने ऑनलाइन iPhone 12 मंगाया था लेकिन उसे पांच रुपये का एक साबुन डिलीवर किया गया।

विस्तार
ऑनलाइन शॉपिंग में धोखा होना अब एक आम बात हो गई है। आए दिन किसी-ना-किसी के साथ फ्रॉड हो रहा है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ भारत में ही ऑनलाइन शॉपिंग में लोगों को गलत प्रोडक्ट मिल रहे हैं, बल्कि अन्य देशों में भी यही हालत है। ताजा मामला ब्रिटेन का है, जहां एक महिला ने करीब 1.5 लाख रुपये का iPhone 13 Pro Max ऑनलाइन ऑर्डर किया था लेकिन जब डिलीवरी का बॉक्स खुला तो महिला को करीब 75 रुपये का एक साबुन मिला। कुछ महीने पहले भारत में ऐसा ही हुआ था। कर्नाटक के एक शख्स ने ऑनलाइन iPhone 12 मंगाया था लेकिन उसे पांच रुपये का एक साबुन डिलीवर किया गया।
एपलइनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक Khaoula Lafhaily नाम की एक महिला ने एक नामी साइट से iPhone 13 Pro Max ऑर्डर किया था लेकिन उसे एक हैंड सोप रिफिल की एक बोतल मिली है जिसकी कीमत महज 1 डॉलर है। महिला ने फोन को ईएमआई पर खरीदा था जिसके बाद फोन की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये हो गई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक आईफोन की डिलीवरी खरीदारी के अगले दिन ही होने वाली थी, लेकिन डिलीवरी दो दिनों के बाद हुई। डिलीवरी ब्वॉय ने महिला को बताया था कि वह ट्रैफिक में फंस गया है, इसलिए दो दिन बाद डिलीवरी होगी।
महिला का दावा है कि डिलीवरी ब्वॉय ने घर पर पैकेज डिलीवर नहीं किया। उसने बस दरवाजे की एक तस्वीर ली और एप में अपडेट कर दिया कि घर पर कोई नहीं है, जबकि उस समय महिला घर पर ही थी। बाद में महिला को किसी और ने बॉक्स डिलीवर किया जिसे खोलने पर हैंड सोप रिफिल की एक बोतल मिली।