विंडोज 11: 8GB रैम वाले कंप्यूटर में अब नहीं होगी बार-बार हैंग होने की परेशानी, माइक्रोसॉफ्ट ने किए बड़े बदलाव

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Thu, 12 Nov 2026 04:34 PM IST
सार
  • 8GB रैम वाले विंडोज 11 कंप्यूटर की धीमी स्पीड और मल्टीटास्किंग की परेशानी कम करने के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने नया विंडोज अपडेट जारी किया है।
  • कंपनी का दावा है कि रोजमर्रा के काम 20% और मल्टीटास्किंग 40% तक तेज हो सकती है।
  • नए अपडेट में रैम मैनेजमेंट सुधारा गया है। एज, टीम्स और विजेट्स अब कम मेमोरी इस्तेमाल करेंगे। जानें कैसे मिलेगा इसका फायदा।
windows 11 26h2 update makes 8gb ram pcs faster improve multitasking lower memory usage
नए अपडेट से मल्टीटास्किंग 40% तेज होगा। - फोटो : Microsoft

    विस्तार

    अगर आपके विंडोज लैपटॉप या कंप्यूटर में 8GB रैम है और एक साथ कई काम करने पर उसकी स्पीड कम हो जाती है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। माइक्रोसॉफ्ट ने विंडोज 11 में कई परफॉर्मेंस सुधार किए हैं। इनका मकसद कम रैम वाले कंप्यूटर पर भी बेहतर स्पीड और स्मूद मल्टीटास्किंग का अनुभव देना है। कंपनी ने विंडोज के साथ माइक्रोसॉफ्ट एज और टीम्स जैसे एप्स को भी ऑप्टिमाइज किया है।

    20% तेज होंगे रोजमर्रा के काम

    कंपनी का दावा है कि जनवरी 2026 के अपडेट के मुकाबले अब 8GB रैम वाले पीसी पर आम काम 20 प्रतिशत तक तेजी से रिस्पॉन्ड करेंगे। वहीं, अगर आप हैवी मल्टीटास्किंग करते हैं, जैसे एक साथ 20 एज टैब्स खोलना, 4K वीडियो प्ले करना, वर्ड-एक्सेल और आउटलुक का इस्तेमाल करना तो आपको स्पीड में 40 प्रतिशत तक का जबरदस्त इजाफा देखने को मिलेगा। हालांकि, असल परफॉर्मेंस आपके हार्डवेयर और काम के तरीके पर भी निर्भर करेगी।

    आखिर कैसे बढ़ा पीसी का परफॉर्मेंस?

    विंडोज अब सिस्टम की रैम को ज्यादा स्मार्ट तरीके से हैंडल कर रहा है। यह धीमी स्टोरेज में डाटा भेजने के बजाय, 2GB तक ज्यादा एक्टिव डाटा सीधे रैम में ही स्टोर रखता है। इसका सीधा फायदा यह है कि जब आप एप्स या ब्राउजर टैब्स के बीच स्विच करते हैं, तो उन्हें बार-बार रीलोड नहीं होना पड़ता। इसके अलावा, विंडोज अब बैकग्राउंड एक्टिविटी और सर्च इंडेक्सिंग की जगह उन एप्स को प्राथमिकता देता है, जिन पर आप उस वक्त एक्टिव रूप से काम कर रहे हैं।

    एज ब्राउजर और टीम्स भी हुए फास्ट

    सिर्फ ऑपरेटिंग सिस्टम ही नहीं, बल्कि माइक्रोसॉफ्ट ने अपने इकोसिस्टम के एप्स को भी शानदार तरीके से ट्यून किया है। Microsoft Edge ब्राउजर अब स्टार्ट मेन्यू से क्लिक करने पर 33% तक तेजी से खुलेगा। वहीं, Microsoft Teams को 8GB पीसी के लिए खास तौर पर ऑप्टिमाइज किया गया है। इसमें बाय-डिफॉल्ट एफिशिएंसी मोड ऑन रहेगा, जिससे सिस्टम पर लोड कम पड़ेगा और एप 20% तक जल्दी लॉन्च होगा।

    अगर आप एज पर इनएक्टिव हैं, तो फालतू टैब्स दो घंटे के बजाय सिर्फ 15 मिनट में स्लीप मोड में चले जाएंगे। इसके अलावा, विजेट्स अब तभी लोड होंगे जब आप उन्हें खोलेंगे, जिससे करीब 200MB मेमोरी की सीधी बचत होगी।

    कैसे मिलेगा नया अपडेट?

    ये सभी बेहतरीन बदलाव Windows 11 Version 26H2 Build 26300.9818 के जरिए रोलआउट किए जा रहे हैं। यूजर नीचे दिए गए तरीके से अपडेट चेक कर सकते हैं।

    1. अपने कंप्यूटर में Settings खोलें।

    2. इसके बाद Windows Update सेक्शन में जाएं।

    3. Get the latest updates as soon as they're available विकल्प को ऑन करें।

    4. अब Check for updates पर क्लिक करें।

    5. अपडेट इंस्टॉल होने पर कंप्यूटर को रिस्टार्ट करें।

    और पढ़ें...